88 लाख की पेमेंट रूकी, पीपी मोड पर सीटी स्कैन की सेवा बंद
आरक्षित श्रेणी के मरीजों को मिलने वाली निश्शुल्क सीटी स्कैन सेवा बंद हो गई है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर:
आरक्षित श्रेणी के मरीजों को मिलने वाली निश्शुल्क सीटी स्कैन सेवा बंद हो गई है। इसका कारण महकमे के अधिकारी कंपनी का भुगतान नहीं करा पाए। मरीजों को अब या तो लौटना पड़ रहा है या फिर फीस देकर सीटी स्कैन कराना पड़ रहा है, जिससे लोगों में रोष है।
24 फरवरी 2017 में पीपी मोड के तहत सिविल अस्पताल में हेल्थ मैप डायग्नोस्टिक कंपनी की ओर से सीटी स्कैन की सुविधा शुरू की गई। इसके तहत आरक्षित श्रेणी बीपीएल, एससी और सरकार के कर्मियों का सीटी स्कैन किया जाता है। इसका पैसा सरकार की ओर से कंपनी को दिया जाता है, जबकि अन्य मरीजों को भी बाहर के दामों से आधे पर यह सुविधा मिलती है। जब यह सेवा शुरू हुई, तो मरीजों को इसका काफी लाभ मिला। पहले हर रोज करीब 50 से 60 मरीज यहां पर आते थे। अब केवल 10-15 मरीज ही आ रहे हैं। वर्जन
आठ-नौ माह से कंपनी को सिविल अस्पताल की ओर से कोई पेमेंट नहीं की गई। करीब 88 लाख रुपये बकाया है। ऐसे में कंपनी ने निश्शुल्क सीटी स्कैन की सेवा बंद कर दी है। इसका नोटिस भी लगाया हुआ है।
विक्रांत कुमार, मैनेजर, हेल्थ मैप डायग्नोस्टिक। वर्जन
सरकार ने पीपी मोड पर आई कंपनियों के लिए अलग से बजट की व्यवस्था कर दी है। इनका जल्द ही पैसा जारी हो जाएगा। पहले यह सिविल अस्पताल के बजट में आता था।
डॉ. विजय दहिया, चिकित्साधीक्षक, सिविल अस्पताल।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप