संतान न होने के तानों से तंग आकर विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दी
जागरण संवाददाता सरस्वती नगर संतान न होने के तानों व दहेज को लेकर मारपीट से परेशान ह
जागरण संवाददाता, सरस्वती नगर:
संतान न होने के तानों व दहेज को लेकर मारपीट से परेशान होकर सरस्वतीनगर में 25 वर्षीय विवाहिता नेहा वर्मा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। ससुरालियों ने इस बारे में मायके वालों को भी नहीं बताया। इस बीच किसी ने सूचना देकर पुलिस को बुला लिया, तो पति व अन्य ससुराल वाले फरार हो गए। पुलिस ने मायके वालों को बुलाया। मामले में मृतका के भाई सतीश वर्मा के बयान पर आरोपित पति अमित वर्मा, ससुर मोहनलाल, सास राजरानी व बहनोई अंबाला के उगाला निवासी चरणजीत पर केस दर्ज किया है।
पंचकूला के रायपुर रानी निवासी नेहा वर्मा की वर्ष 2017 में सरस्वती नगर के आदर्श नगर निवासी अमित वर्मा के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से ही उसे ससुराल वाले परेशान करने लगे। पहले उसे दहेज के लिए ताने देने लगे। कई बार नेहा के साथ मारपीट भी की गई। इस बीच में ससुराल वालों को पता लगा कि नेहा को रसौली है। जिस वजह से उसे बच्चा नहीं हो सकता। बच्चा न होने के भी उसे ताने देने लगे। अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती। कई बार उसे घर से बाहर भी निकाल दिया। बाद में दोनों ओर के रिश्तेदारों की पंचायत हुई, तो मामला सुलझाया गया। इसके बावजूद भी नेहा के साथ ससुराल वाले मारपीट करते रहे।
शादी के एक दिन बाद भी खुश नहीं रही बहन :
सतीश का कहना है कि उसकी बहन शादी के एक दिन बाद भी खुश नहीं रही। जब से उसके पति को रसौली होने का पता लगा, तो वह अधिक प्रताड़ित करने लगे थे। इसी वजह से परेशान होकर उनकी बहन ने आत्महत्या की है। ससुराल वालों ने इस बारे में उन्हें कुछ नहीं बताया। नेहा की मौत पर गुपचुप संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। रात को करीब साढ़े नौ बजे पुलिस का फोन आया, तो मौत का पता लगा। आरोपित पति एमआर का कार्य करता है। जबकि ससुर बिजली बोर्ड से रिटायर्ड है।