बारिश में भी टोल प्लाजा पर डटे रहे किसान
भारतीय किसान यूनियन के सदस्य बुधवार को 13 वें दिन भी मिल्क माजर
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
भारतीय किसान यूनियन के सदस्य बुधवार को 13 वें दिन भी मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर धरने पर रहे। बारिश में भी किसान धरने पर बैठे हैं। दिनभर किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और टोल से वाहन निकलते रहे। यूनियन के निदेशक मनदीप सिंह रोड छप्पर ने कहा कि सरकार मांगे मानने में जितनी देर कर रही है, किसानों में उतना ही रोष बढ़ रहा है। दिनोंदिन धरना स्थल पर संख्या बढ़ती जा रही है। सरकार द्वारा किसानों पर जबरदस्ती कानून थोपे जा रहे हैं। जबकि इन कानूनों से किसानों को हानि व पूंजीपतियों को लाभ होगा। सरकार वास्तव में किसानों का हित चाहती है, तो जल्द इन कानूनों को रद्द करे, ताकि किसान धरना समाप्त करके अपने घरों को लौट जाएं। कानून रद्द होने तक संघर्ष जारी रहेगा, चाहे कितना भी लंबा समय बीत जाए। सरकार को कानून बनाने से पहले किसान यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ विचार विमर्श करना चाहिए था। इससे कानून के कारण किसान को होने वाले नुकसान का पहले ही सरकार के सामने आ जाते। किसानों ने नारेबाजी करके रोष जताया। मौके पर संजू, कृष्णपाल, मेघराज सिंह, गुरपाल सिंह, नरेंद्र सिंह, मोहन, राजेश, अर्जुन सिंह के अलावा अन्य किसान मौजूद रहे।
संयुक्त किसान मोर्चा निकालेगा ट्रैक्टर रैली
कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा गुरुवार को ट्रैक्टर रैली निकालेगा। बुधवार को इस संबंध में किसानों की बैठक हुई। बैठक के बाद जिला परिषद उपाध्यक्ष अनिल संधू, भाकियू चढ़ूनी ग्रुप के प्रधान संजीव सैनी व भाकियू रतन मान गु्रप के प्रधान सतपाल मानकपुर ने ट्रैक्टर रैली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस रैली में क्षेत्र लगभग एक हजार किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ भाग लेंगे। अनाज मंडी में एकत्रित होने के बाद यहां से ट्रैक्टर रैली की शुरुआत होगी। यहां से शुरू होकर ट्रैक्टर रैली कोटला, झंडा, रसूलपुर, फिरोजपुर, पहाड़ीपुर, सैदूपुर, कप्तान माजरी, सरावां, मानकपुर, भोगपुर व राजपुर होते हुए वापस अनाज मंडी पहुंचकर संपन्न होगी। इस मौके पर सतपाल राणा, जनक पांडो, गुरमिन्द्र सिंह फिरोजपुर, हनीफ नाईवाला, राजकुमार राणा सबीलपुर व नैब मोहम्मद जामनावाला भी मौजूद रहे।