सभी को कमाई का दसवां हिस्सा सामाजिक व धार्मिक कार्यो में लगाना चाहिए : विधायक अरोड़ा
समाजसेवी जीवनदीप संस्था की ओर से गुरुद्वारा सिंह सभा मॉडल कॉलोनी में विशाल रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
समाजसेवी जीवनदीप संस्था की ओर से गुरुद्वारा सिंह सभा मॉडल कॉलोनी में विशाल रक्तदान व स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधायक घनश्यामदास अरोड़ा तथा विशिष्ठ अतिथि के तौर पर सिविल सर्जन यमुनानगर डॉ. विजय दहिया पहुंचे। शिविर में 101 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। वहीं 2620 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर निशुल्क दवाएं दी गई।
इस दौरान विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि हम सभी को अपनी कमाई का दसवां हिस्सा समाजिक व धार्मिक कार्यों में लगाना चाहिए। जिससे समाज का विकास हो सके। जो व्यक्ति सक्षम है, उसे दीन-हिन की सहायता करनी चाहिए। क्योकि नर सेवा ही नारायण सेवा है। किसी गरीब की सहायता करना या उसके स्वास्थ्य की देखभाल कर उसे किसी प्रकार का सुख देने से बडा पुण्यकार्य कोई हो ही नहीं सकता। इस अवसर पर डॉ. विजय दहिया ने कहा कि इस प्रकार स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से ही जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सभी जनमानस तक पहुंचाया जा सकता है क्योंकि स्वास्थ्य के क्षेत्र में ही सेवा कार्य की अपार संभावनाएं हैं। मरीजों के उपचार व जरूरतमंद की सहायता से अधिक पुण्य का कार्य कोई नहीं हो सकता। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर हम सभी जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा पाते हैं। इस दौरान अमरनाथ बंसल, योगेश गर्ग, गुरचरण सिंह भोला, सरदार गुरबख्श सिंह, सरदार परमजीत सिंह भी मौजूद रहे।