'हुड्डा का नाम मिटा दो...', बैठक में अधिकारियों पर भड़के अनिल विज; पूछा- क्यों दिया जा रहा है भाव?
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कष्ट निवारण समिति की बैठक में एजेंडे में 'हुडा सेक्टर-17' देखकर अधिकारियों को फटकार लगाई और 'हुडा' नाम हटाने का निर्देश दिया।
-1790346403193_m.webp)
अधिकारियों पर भड़के अनिल विज। फोटो जागरण
HighLights
अनिल विज ने 'हुडा सेक्टर-17' देखकर अधिकारियों को फटकारा।
मंत्री ने 'हुडा' नाम हटाकर 'हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण' उपयोग का निर्देश दिया।
यमुनानगर सेक्टर-17 में शौचालय निर्माण पर भी शिकायत की सुनवाई हुई।
पोपीन पंवार, यमुनानगर। कष्ट निवारण समिति की बैठक में शुक्रवार को एजेंडे में ‘हुड्डा सेक्टर-17’ लिखा देखकर कैबिनेट मंत्री अनिल विज अधिकारियों पर भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों से पूछा- क्या यह सेक्टर भूपेंद्र सिंह हुड्डा का है?
मंत्री ने कहा कि प्राधिकरण का नाम बदलकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण कर दिया गया है। इसके बावजूद सेक्टर और अन्य स्थानों पर नाम में हुड्डा क्यों लिखा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जहां-जहां का सेक्टर, दफ्तर पर हुड्डा लिखा है, वहां से हुड्डा का नाम मिटा दो यानी हटा दो।
मंत्री ने अधिकारियों से सवाल किया कि बिना मतलब हुड् को भाव क्यों दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब प्राधिकरण का नाम बदल दिया गया है तो पुराने नाम का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है।
अधिकारियों से इस संबंध में जवाब मांगा गया, लेकिन वे स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। अब मंत्री ने शहरी अर्बन के सेक्टरो पर जहां भी हुडा लिखा है, वहां से यह नाम हटाया जाए।
निर्धारित जमीन पर ही बाथरूम बनाए जाएं
यह मामला सेक्टर-17 मार्केट नंबर एक में शौचालय निर्माण से जुड़ी शिकायत की सुनवाई के दौरान सामने आया। शिकायतकर्ता गुरुदेव सिंह वालिया एडवोकेट ने शिकायत में कहा था कि मार्केट नंबर एक के दोनों बाथरूम तोड़कर बीच के 20 फुट रास्ते में मिलाकर नए बाथरूम बनाए जाने हैं। इससे दुकानों में जाने का रास्ता बंद हो जाएगा। उन्होंने मांग की थी कि निर्धारित जमीन पर ही बाथरूम बनाए जाएं।
सम्पदा अधिकारी, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, यमुनानगर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि सेक्टर-17 की मार्केट का रखरखाव नगर निगम यमुनानगर द्वारा किया जा रहा है। इसलिए मामले में की गई कार्रवाई और स्थिति रिपोर्ट नगर निगम से प्राप्त करने की बात कही गई।
शौचालय की हालत काफी जर्जर
नगर निगम आयुक्त की 22 सितंबर की रिपोर्ट के अनुसार मार्केट नंबर एक में स्वच्छ भारत अभियान के तहत पहले बनाए गए शौचालय काफी जर्जर हालत में हैं। इन्हें तोड़कर नए शौचालयों का निर्माण किया जाना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अभी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। निर्माण कार्य सम्पदा अधिकारी, एचएसवीपी, जगाधरी की ओर से उपलब्ध कराई गई पैमाइश और सरकार की हिदायतों के अनुसार ही किया जाएगा।
