बारदाना न होने से आढ़ती व किसान परेशान, मंडी में लगे ढेर
दो दिनों बाद मंडियों में गेहूं की खरीद शुरू हुई। आढ़तियों व किसानों को बारदाने की कमी खल रही है। बारदाने के न होने से उठान प्रभावित हो रहा है।
संवाद सहयोगी, रादौर :
दो दिनों बाद मंडियों में गेहूं की खरीद शुरू हुई। आढ़तियों व किसानों की परेशानी कम होने की बजाय बढ़ गई। सोमवार को वेयर हाऊस को मंडी में गेहूं खरीद का कार्य करना था लेकिन वह आढ़तियों को बारदाना उपलब्ध नहीं करवा पाई। ऐसे में मंडी में गेहूं के ढेर लगे रहे। वहीं, दूसरी ओर उठान गति धीमी होने से भी किसानों को मंडी में गेहूं की फसल लाने पर समस्याओं का सामना करना पड़ा। करीब सवा लाख कट्टे मंडी में पेंडिग
उठान न होने की वजह से रादौर मंडी में करीब सवा लाख कट्टे पेंडिग है। इसमें से करीब 40 हजार कट्टे हैफेड को उठाने हैं, जबकि बाकी के कट्टे वेयर हाऊस के मंडी में पेंडिग है। हैफेड के मैनेजर पवन कांबोज ने बताया कि उन्होंने खरीद कार्य के दौरान मंडी में उनके करीब 2 लाख 30 हजार कट्टे मौजूद थे। जिसमें से एक लाख 90 हजार का उठान करवा चुके हैं। बाकी के कट्टे भी जल्द उठवा दिए जाएंगे। उठान कार्य में वेयरहाऊस पीछे चल रहा है। मैनेजर संदीप कुमार ने कहा कि जल्द ही उठान पूरा करवा दिया जाएगा। बारदाने की कमी उठान न होने का कारण
सोमवार को वेयर हाऊस की ओर से मंडी में गेहूं खरीद का कार्य किया गया। बारदाने की कमी के कारण मंडी में गेहूं के ढेर लगे दिखाई दिए। आढ़ती एसोसिएशन के जिला प्रधान शिवकुमार संधाला ने कहा कि मंडी की व्यवस्था बनाने में प्रशासन पूरी तरह से विफल साबित हो रहा है। न तो उठान समय पर हो रहा है और न ही आढ़तियों को बारदाना मिल पा रहा है। जिससे व्यवस्था नाजुक बनी हुई है। दो दिन खरीद बंद होने के बाद भी बारदाना उपलब्ध न होना बड़ी लापरवाही है। इतनी हुई आवक
दो दिनों तक मंडी में गेहूं की खरीद नहीं हुई। दो दिन बाद शुरू हुई खरीद के बाद किसानों काफी संख्या में मंडी में गेहूं लेकर पहुंचे। सोमवार शाम रादौर अनाज मंडी में करीब 40 हजार क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी थी। जबकि गुमथला में करीब 10 हजार तो जठलाना में करीब आठ हजार क्विटल गेहूं की आवक हुई। मंडी सुपरवाइजर मनोज कुमार ने बताया कि अभी आवक चल रही है। जल्द देंगे बारदाना
बारदाना आज उपलब्ध नहीं हो पाया। रात तक बारदाने की गाड़ी उनके पास पहुंच जाएंगी। उसके बाद सभी आढ़तियों को बारदाना उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
संदीप कुमार, मैनेजर वेयर हाऊस