पांच साल में नहीं हुआ शहर में कोई विकास कार्य : दिलबाग
इनेलो से प्रत्याशी व पूर्व विधायक दिलबाग सिंह ने प्रचार के दौरान अधिवक्ताओं व डॉक्टरों के साथ मीटिग की। वह कोर्ट में अधिवक्ताओं से मिले और समर्थन मांगा।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : इनेलो से प्रत्याशी व पूर्व विधायक दिलबाग सिंह ने प्रचार के दौरान अधिवक्ताओं व डॉक्टरों के साथ मीटिग की। वह कोर्ट में अधिवक्ताओं से मिले और समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने विकास कार्यों में भेदभाव किया है। अब शहर की जनता हिसाब मांग रही है। पांच साल पहले जनता से किया कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ।
इसके अलावा दिलबाग सिंह ने गुलाबगढ़, पांजूपुर, चिट्टा मंदिर, छोटा मॉडल टाउन, तिलकनगर, विशानगर में जनसभा की। उन्होंने जनता से क्षेत्र में विकास का वादा किया। कहा कि पांच सालों में जनता को टूटी सड़कें व भ्रष्टाचार मिला है। शहर की टूटी सड़कों से विकास का अंदाजा लगाया जा सकता है। पानी निकासी का समाधान तक नहीं हो सका है। भाजपा ने जनता के पैसे बर्बाद किए। अब जनता का जवाब देने का समय है। इस दौरान अन्य दलों को छोड़कर इनेलो में शामिल हुए लोगों को स्वागत किया गया। इनेलो की सरकार बनने पर क्षेत्र की सभी समस्याओं को दूर किया जाएगा। शहर के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिलेगी। खस्ताहाल पड़ी कॉलोनियों में प्राथमिकता से विकास कार्य कराए जाएंगे।