नगर निगम की टीम ने चार मैरिज पैलेसों का किया निरीक्षण, कूड़ा निस्तारण का मांगा विवरण
नगर निगम की टीम ने शहर के चार मैरिज पैलेसों का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम अधिकारियों ने मैरिज पैलेस संचालकों से कूड़ा निस्तारण के विवरण के बारे में जानकारी मांगी और वन टाइम प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के निर्देश दिए।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : नगर निगम की टीम ने शहर के चार मैरिज पैलेसों का निरीक्षण किया। इस दौरान निगम अधिकारियों ने मैरिज पैलेस संचालकों से कूड़ा निस्तारण के विवरण के बारे में जानकारी मांगी और वन टाइम प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के निर्देश दिए।
नगर निगम कमिश्नर धर्मवीर सिंह ने कुछ दिन पहले निगम अधिकारियों को मैरिज पैलेसों का निरीक्षण करने और कूड़े का स्वयं निस्तारण न करने पर चालान करने के निर्देश दिए थे। कमिश्नर के निर्देशों पर बुधवार को सीएसआइ अनिल नैन के नेतृत्व में एसआइ गोविद, एएसआइ कृष्ण कुमार, एसआइ बिट्टू, एएसआइ सतबीर सिंह की टीम गठित की गई। गठित टीम ने बुधवार को वर्कशॉप रोड स्थित गाबा पैलेस, औद्योगिक क्षेत्र स्थित आरके पैलेस, आनंद पैलेस व अजय पैलेस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ पैलेस में प्लास्टिक के खाली बोतल मिले। जिन्हें कूड़े में डाला जा रहा था। इसके अलावा यहां पर निर्धारित क्षमता 50 किलो से अधिक कूड़ा नहीं मिला। सीएसआइ नैन ने कहा कि मैरिज पैलेसों का समय समय पर औचक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान यदि किसी पैलेस में क्षमता से अधिक कूड़ा मिला तो उनके खिलाफ नगर निगम द्वारा कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रादौर रोड पर चार दुकानदारों से मिली पॉलिथीन, काटे चालान
मैरिज पैलेसों का निरीक्षण करने के बाद नगर निगम की टीम रादौर रोड पहुंची। जांच के दौरान यहां पर चार दुकानदारों के पास पॉलिथिन बरामद की गई। पाबंदी के बावजूद पॉलिथीन का इस्तेमाल करने पर निगम की टीम द्वारा दुकानदारों के चालान किए गए।