जिले में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष की तैनाती, मरीजों को मिलेगी राहत
अब कैंसर के मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सिविल अस्पताल यमुनानगर में कैंसर विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष ने ज्वाइन कर लिया है। अब मरीजों को निजी अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। इससे उन्हें बेहतर और सस्ता इलाज मिल सकेगा।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : अब कैंसर के मरीजों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। सिविल अस्पताल यमुनानगर में कैंसर विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष ने ज्वाइन कर लिया है। अब मरीजों को निजी अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा। इससे उन्हें बेहतर और सस्ता इलाज मिल सकेगा। वहीं कुछ दिन पहले हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुज कांबोज, फिजिशियन डॉ. अमित और महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. जाहरा और डॉ. अनुश्री ने भी अस्पताल में ज्वाइन किया है। इससे भी मरीजों को काफी राहत मिली है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय दहिया ने बताया कि पहले चिकित्सकों की कमी की वजह से परेशानी होती थी। अब धीरे-धीरे चिकित्सक आ रहे हैं। कैंसर रोग विशेषज्ञ की भी तैनाती हो गई है। इससे काफी राहत मिलेगी।
सिविल अस्पताल में फिलहाल नई बिल्डिग बनाने का कार्य चल रहा है। कार्य पूरा होने पर यहां बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही चिकित्सकों की भी कमी नहीं रहेगी, लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए यमुनानगर में चिकित्सकों की काफी कमी थी। इसके लिए विभाग की ओर से सरकार को चिकित्सकों की मांग भेजी गई थी। अब धीरे-धीरे यहां पर कई चिकित्सकों ने ज्वाइन कर लिया है।
कैंसर के बढ़ रहे मरीज
यमुनानगर में कैंसर के मरीज भी बढ़ रहे थे। ऐसे में उन्हें जांच के लिए निजी अस्पतालों के डॉक्टरों को दिखाना होता था। यहां सिविल अस्पताल में कैंसर रोगियों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं निश्शुल्क उपलब्ध हैं। उनके सभी लैब टेस्ट, एक्स-रे एवं सूई की जांच समेत अन्य टेस्ट निशुल्क किया जाते हैं। मरीजों को कीमोथेरिपी की सुविधा दी जा रही है, लेकिन विशेषज्ञ न होने की वजह से दिक्कत आ रही थी। फिलहाल जिले में 1824 कैंसर के मरीज हैं।
यह स्थिति कैंसर के मरीजों की
वर्ष - मरीज
2014- 222
2015- 286
2016- 350
2017- 299
2018- 330
2019- 337।