कामगारों को विदा कर लौट रहे डीसी आफिस के क्लर्क की सड़क हादसे में मौत
अचानक गाबा अस्पताल के पास उनकी बुलेट अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : रेलवे स्टेशन यमुनानगर से कामगारों को विदा कर वापस लौट रहे डीसी आफिस के क्लर्क 27 वर्षीय अनिल कुमार की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। अनिल कार्यालय के चपरासी सौरव के साथ बुलेट पर वापस लौट रहा था। अचानक गाबा अस्पताल के पास उनकी बुलेट अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जबकि घायल का उपचार अस्पताल में चल रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिसार के उमरा गांव निवासी अनिल कुमार डीसी कार्यालय में क्लर्क लगे हुए थे। उन्होंने शहर में ही कमरा किराये पर लिया हुआ था। रविवार को प्रशासन ने रेलवे स्टेशन यमुनानगर से कामगारों को ट्रेनों में बिठाकर बिहार के लिए रवाना किया था। अनिल कुमार व चपरासी की ड्यूटी भी रेलवे स्टेशन पर लगी हुई थी। आखिरी ट्रेन देर रात को स्टेशन से रवाना हुई। काम खत्म होने के बाद दोनों बुलेट पर सवार होकर डीसी कार्यालय लौट रहे थे। बुलेट को अनिल चला रहा था। गाबा अस्पताल के नजदीक अचानक बुलेट अनियंत्रित हो गई और बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान अनिल की मौत हो गई जबकि सौरव का उपचार अभी अस्पताल में ही चल रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।