सोमनदी पुल पर पहुंची डीसी, जल्द काम खत्म करने के निर्देश
छछरौली के नजदीक सोम नदी पुल के मरम्मत कार्य की वजह से हर रोज जाम के हालात बन रहे हैं।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
छछरौली के नजदीक सोम नदी पुल के मरम्मत कार्य की वजह से हर रोज जाम के हालात बन रहे हैं। नेशनल हाईवे 73 ए पर बने सोम नदी पुल को खस्ताहाल होने की वजह से बंद कर दिया था। यहां से निकलने के लिए कच्चे रास्ते का निर्माण कराया गया, लेकिन ट्रैफिक का अधिक दबाव होने की वजह से यहां पर जाम लगता है। मंगलवार को डीसी आमना तस्नीम ने पुल पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य कर रही कंपनी को जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
सोमनदी पुल की खस्ताहालत होने की वजह से इसके दोबारा निर्माण का कार्य करीब तीन माह पहले शुरू किया गया था। यह पुल बंद होने के बाद वाहनों के निकलने के लिए बिलासपुर से लेदी और भिलपुरा से दादूपुर रोड की वैकल्पिक व्यवस्था रही। इसके अलावा पुल के बराबर में ही कच्चा रास्ता बनाया। इससे वाहनों को निकाला जा सके। कच्चे रास्ते पर ही हर रोज शाम के समय जाम के हालात बनते हैं। अस्थायी रास्ते से निकल रहे ओवरलोड वाहन धंस जाते हैं। इससे यहां पर जाम लगता है। डीसी आमना तस्नीम ने बताया कि सोमनदी पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया गया। जल्द ही इस पुल को चालू कर दिया जाएगा।