यमुनानगर में मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने एक्टिवा को कुचला, चचेरे भाई बहन की मौत; मां-बेटे घायल
यमुनानगर में जगाधरी-पांवटा साहिब हाईवे पर एक ट्रैक्टर-ट्राली ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे 16 वर्षीय किशोरी और उसके चार वर्षीय चचेरे भाई की मौत हो गई।
-1792916772832_m.webp)
ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत, मां-बेटा घायल।
HighLights
जगाधरी हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्राली ने एक्टिवा को कुचला
हादसे में दो बच्चों की मौत, मां-बेटा घायल
लापरवाह ड्राइवर गिरफ्तार, पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली जब्त की
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। जगाधरी पांवटा साहिब हाईवे पर सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के सामने कट पर मिट्टी लेकर आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने एक्टिवा पर बच्चों के साथ आ रही महिला को टक्कर मार दी।
दुर्घटना में 16 वर्षीय किशोरी व उसके चार वर्षीय चचेरे भाई की मौत हो गई, जबकि मां व उसका डेढ़ वर्षीय बेटा घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भिजवाया गया। भागने का प्रयास कर रहे चालक को लोगों ने पकड़ लिया। ट्रैक्टर-ट्राली को पुलिस ने कब्जे में लिया।
गांव सुघ निवासी नवाब की यमुनानगर लक्कड़ मंडी में टिंबर आढ़त है। शनिवार को उनकी पत्नी 32 वर्षीय मुरसिबा एक्टिवा पर भतीजी रानी, चार वर्षीय बेटे अरहम और डेढ़ वर्षीय बेटे सिफान के साथ गांव से जगाधरी आई थी।
इस दौरान वह सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के सामने कट से मुड़ने लगी तो छछरौली की ओर से ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चालक लापरवाही से चलाते हुए आया। मुड़ते हुए ट्राली की एक्टिवा सवार को चपेट में ले लिया। पहिये के नीचे रानी व अरहम आ गए। वहीं, मुरसिबा का सिर सड़क में लगा और वह बेहोश हो गई। सिफान घिसटते हुए गया। उसके पैर का मांस अलग हो गया।
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। पुलिस भी पहुंच गई। तुरंत गाड़ी में घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया। यहां से सिफान व मुरसिबा को रेफर कर दिया गया। परिवार के लोग उन्हें निजी अस्पताल में लेकर गए।
परिवार व ग्रामीण अस्पताल में जुटे
नवाब का भाई तैय्यब गांव का सरपंच हैं। दुर्घटना का पता लगते ही मंडी से उनके जानकार आढ़ती और ग्रामीण अस्पताल में पहुंच गए। परिवार की महिलाएं भी अस्पताल में पहुंचीं। दो बच्चों की मौत का पता चलते ही महिलाओं ने अस्पताल में ही विलाप करना शुरू कर दिया।
कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर-ट्राली में अवैध रूप से मिट्टी ढोई जा रही थी। वह प्रशासन की टीमों से बचने के लिए तेजी से भगाकर ला रहा था। हालांकि, पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।
बूड़िया गेट चौकी प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली में भराई के लिए मिट्टी थी। चालक के पीछे कोई टीम लगी हुई थी। ऐसा कुछ भी सामने नहीं आया है। चालक ट्रैक्टर ट्राली मोड़ रहा था। एक्टिवा सवार भी मुड़ते समय चपेट में आए। कार्रवाई की जा रही है।
