कुरुक्षेत्र से ठेकेदार का अपहरण, यमुनानगर में मिला, कार की डिग्गी में हाथ पैर बांधकर रखा था बदमाशों ने
कुरुक्षेत्र से अपहरण किए गए ठेकेदार को पुलिस ने यमुनानगर से बरामद किया। ठेकेदार का हाथ पैर बांधकर डिग्गी में बांध रखा था। एक वर्ष पहले काम छोड़ चुके ड्राइवर ने साथियों के साथ मिलकर कुरुक्षेत्र के लाड़वा निवासी जरनैल सिंह का अपहरण किया।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। कुरुक्षेत्र के गांव गजलाना से अपहरण किए गए लाडवा निवासी जरनैल सिंह को पुलिस ने बूड़िया थाना क्षेत्र के नवाजपुर से बरामद किया गया है। बदमाशों ने उसकी ही स्वीफ्ट कार में उसे डिग्गी में बंधक बनाया हुआ था। बदमाशों ने उसे जमकर पीटा भी था। उसका चेहरे पर गंभीर चोट लगी हुई थी। सीआइए कुरुक्षेत्र की टीम ने उसे मुक्त कराया।
वहीं उसका अपहरण करने वाले पुलिस टीम को पीछे लगते देख बिना नंबर की कार से भाग निकले। कुरुक्षेत्र जिला पुलिस की जांच में सामने आया कि जरनैल सिंह का अपहरण उसके ही पुराने ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर किया है। वह एक वर्ष पहले उसके पास काम करता था। जिस नंबर से फिरौती मांगी गई है। वह नंबर भी उस ड्राइवर का है।
लाडवा निवासी 57 वर्षीय जरनैल सिंह मिट्टी भराई का ठेकेदार है। मंगलवार को उसका गजलाना गांव के पास से अपहरण कर लिया गया। इसका पता उस समय लगा। जब शाम के समय उसके भाई कुलदीप के पास बदमाशों का काल आया। बदमाशों ने उससे 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी। पैसे न देने पर जरनैल को गोलियों से भूनकर जान से मारने की धमकी दी।
कुलदीप ने बताया कि उनके पास जब बदमाशों की काल आई तो वह घबरा गए। बदमाशों ने धमकी देते हुए कहा कि यदि पैसे नहीं दिए तो जरनैल को मार देंगे। साथ ही उसके बेटे जो आइलेट्स की पढ़ाई कर रहा है। उसे भी जान से मार देंगे। जिस पर बदमाशों को कहा कि वह इंतजाम करता है। भाई को कुछ नहीं करना है। बदमाशों का फोन कटने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने केस दर्ज किया। इसके बाद से ही भाई की तलाश कर रहे थे।
लोकेशन के आधार पर ट्रेस हुआ मामला
ठेकेदार जरनैल सिंह का अपहरण व फिरौती मांगने का पता लगते ही डीएसपी जय सिंह ने कुरुक्षेत्र सीआइए वन के इंचार्ज मलकीत सिंह, एएसआइ सतविंद्र सिंह, एएसआइ सतीश, एचसी कृष्ण, शक्ति सिंह की टीम गठित की। टीम ने लोकेशन व सीडीआर के आधार पर जरनैल की तलाश शुरू कर दी। इसके बाद लोकेशन बूड़िया थाना क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में लग गई। यहां पर गांव नवाजपुर के पास जरनैल की कार मिली। जिसकी तलाशी ली गई तो पीछे डिग्गी में जरनैल सिंह को हाथ पैर बांधकर डाला हुआ था। डीएसपी जय सिंह ने बताया कि जरनैल सिंह को बरामद कर लिया गया है। उसे पीटा गया है। जिससे वह गंभीर घायल है। उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया है।