प्रत्याशियों के समर्थन में आज रैली करेंगे सीएम मनोहर लाल
एक तरफ कांग्रेस में गुटबाजी का माहौल है। दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशियों में चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। सीएम मनोहर लाल भी प्रत्याशियों के समर्थन में रैली करने आ रहे हैं। रविवार को उनकी यमुनानगर जिले में दो जगह चुनावी रैली होगी। रात को भी वह यहीं पर रुकेंगे और कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी को लेकर चर्चा करेंगे।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : एक तरफ कांग्रेस में गुटबाजी का माहौल है। दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशियों में चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। सीएम मनोहर लाल भी प्रत्याशियों के समर्थन में रैली करने आ रहे हैं। रविवार को उनकी यमुनानगर जिले में दो जगह चुनावी रैली होगी। रात को भी वह यहीं पर रुकेंगे और कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी को लेकर चर्चा करेंगे। रूठों को भी मनाएंगे। चर्चा यह भी है कि इस दौरान दूसरे दलों के लोग भाजपा में शामिल होंगे। इसमें विशेषकर वे लोग हैं जो टिकट न मिलने पर अपनी ही पार्टी से नाराज चल रहे हैं।
कांग्रेसियों की गुटबाजी अभी तक दूर नहीं हो सकी है। अन्य किसी भी पार्टी के बड़े नेता के प्रोग्राम की कोई जानकारी नहीं आई है। ऐसे में सीएम मनोहर लाल ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में रैलियां शुरू कर दी है। मीडिया प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल जगाधरी विधानसभा के प्रत्याशी और स्पीकर कंवरपाल गुर्जर व रादौर विस से प्रत्याशी कैबिनेट मंत्री कर्णदेव कांबोज के समर्थन में रैली में आ रहे हैं। सीएम पहले रादौर रैली में पहुंचेंगे। उसके बाद जगाधरी पुरानी अनाज मंडी आयोजित रैली को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में साढौरा व यमुनानगर हलके के कार्यकर्ता भी शामिल होंगे।
इनकी भी तैयारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य कई स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम भी जिले में हो सकते हैं। प्रत्याशियों ने कार्यक्रम के लिए समय मांगा हुआ है।