शहर के उद्योगपति की पुत्रवधू भगोड़ा घोषित, केस दर्ज
फैक्ट्री से सामान चोरी के मामले में कोर्ट ने मॉडल टाउन निवासी कामिनी बंसल के भगोड़ा घोषित कर दिया है। भगोड़ा घोषित होने के बाद जिस महिला पर थाने में केस दर्ज किया गया है उसके ससुर शहर के बड़े उद्योगपति हैं। बताया जा रहा है कि महिला इस वक्त विदेश में रह रही है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : फैक्ट्री से सामान चोरी के मामले में कोर्ट ने मॉडल टाउन निवासी कामिनी बंसल के भगोड़ा घोषित कर दिया है। भगोड़ा घोषित होने के बाद जिस महिला पर थाने में केस दर्ज किया गया है, उसके ससुर शहर के बड़े उद्योगपति हैं। बताया जा रहा है कि महिला इस वक्त विदेश में रह रही है।
मॉडल टाउन निवासी राजेश गोयल ने थाना सदर पुलिस में शिकायत दी थी कि उनकी मॉडल टाउन निवासी संजय बंसल के साथ पार्टनरशिप में दामला में एशियन प्लाईवुड के नाम से इंडस्ट्री है। इस फैक्ट्री में उसका भाई सतीश गोयल और संजय का बेटा विनय बंसल भी साझेदार हैं। इस दौरान पार्टनरों में मनमुटाव हो गया जिस कारण फैक्ट्री को बंद करना पड़ा। फैक्ट्री की देखरेख के लिए एक चौकीदार समेत पांच लोगों को तैनात किया गया था, लेकिन 26 जनवरी, 2019 को फैक्ट्री से दो कंप्यूटर, प्रिटर, दस्तावेज और तीन सौ ग्राम चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति चोरी हो गई। तब पुलिस ने केस दर्ज किया था। पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि चोरी कामिनी ने की थी। पुलिस ने फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने उसे आरोपी बनाया।
सदर थाने के कार्यवाहक एसएचओ जनकराज सिंह ने बताया कि फुटेज में दिख रहा है कि जिस दिन चोरी हुई उस दिन कामिनी वहां पर आई थी। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए गए थे। लेकिन नोटिस जारी होने के बाद भी वह कोर्ट में पेश नहीं हुई। कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर केस दर्ज करने के आदेश दिए। आदेशों का पालन करते हुए कामिनी बंसल पर केस दर्ज किया गया है।