सीएम बोले- भाई का हथेली गर्म करने पर भी नहीं हुआ था तबादला, अब मुफ्त होते हैं ट्रांसफर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उनकी सरकार ने पूरी तरह से भ्रष्टाचारमुक्त शासन दिया है। पहले टीचर ट्रांसफर के लिए पैसे देने पड़ते थे। अब मुफ्त आनलाइन तबादले होते हैं।
जेएनएन, यमुनानगर। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मेरा छोटा भाई टीचर था। वो अब रिटायर हो गया है। जब वह पढ़ाता था तो उसने अपनी बदली करवाने के लिए पूरा जोर लगाया। यहां तक कि अफसरों की हथेली भी गरम (रिश्वत) की। पैसे देने के बाद वह बस से दिल्ली पहुंचा ही था कि उसे पता चला उसका तबादला रुक गया है। उसने जो पैसे दिए थे वो भी बेकार गए। पहले 80 फीसद टीचरों का समय तबादला करवाने के लिए बस में या फिर चंडीगढ़ सचिवालय में गुजरता था, परंतु अब ऐसा नहीं होता। हमने टीचरों का दर्द समझा और ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन नीति बनाई।
सीएम ने कहा कि टीचर मनपसंद के सेंटर भरते हैं और एक क्लिक पर मुफ्त में सभी का ट्रांसफर हो जाता है। 97 फीसद टीचर इस पॉलिसी से खुश हैं। वे अपना रोड शो खत्म करने के बाद भगत सिंह पार्क में आयोजित जनसभा में लोगों का आभार प्रकट कर रहे थे।
मनोहर लाल ने कहा कि 1966 के बाद 48 सालों में प्रदेश की जनता ने राज बदला, परंतु हमने राज करने का तरीका बदल दिया। पहले कितने भ्रष्टाचार हुए। अधिकारी से लेकर नेता तक सभी लूटते थे। हमने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है, जो अधिकारी भ्रष्ट होते हैं लोग उनकी शिकायत नहीं करते थे। क्योंकि उन्हें डर रहता है कि कहीं वे भी न पकड़े जाएं, इसलिए कोई भी अपने काम कराने के लिए किसी अफसर को रिश्वत देने के बजाय उसकी शिकायत करें।
उन्होंने कहा कि चार साल बाद भी हमें कुछ चीजें चुभ रही हैं। उनमें सुधार करने के लिए हम पॉलिसी बदल रहे हैं। हमने आने वाली सरकारों के लिए भी रास्ता बना दिया है। हमने सत्ता भोगने के लिए सरकार नहीं बनाई, क्योंकि हम सेवा करना जानते हैं। अभी प्रदेश में नौकरियों के करीब 70 हजार पद खाली पड़े हैं, परंतु सरकार सभी पद एक साथ तो नहीं भर सकती।
सीएम ने कहा कि अभी हमने ग्रुप-डी के 18 हजार पदों पर भर्ती निकाली है। ग्रुप-डी में भर्ती होने वाले युवक यदि उच्च पद के लिए आवेदन करना चाहते हैं तो उन्हें उस विभाग से अब एनओसी लेने की जरूरत नहीं है। कर्मचारियों को केवल एक फार्म भरकर सूचना देनी होती है। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए हमने नौकरियों में इंटरव्यू खत्म किए हैं।