मारपीट के तीन मामलों में 17 हमलावरों पर केस दर्ज
हमले में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर: तीन जगहों पर हुई मारपीट में पुलिस ने 17 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। हमले में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वीना नगर कैंप में किसी बात को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के 10 लोगों ने दीपक कुमार पर हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपितों पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस जांच कर रही है।
दीपक कुमार ने बताया कि उसका पड़ोस के ही अनुज, कन्नू, केवल कृष्ण, विरेंद्र उर्फ काला, बलविद्र उर्फ काका, सुंदर, रीना, शिखा, शिल्पा, पूजा के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। आरोप है इसी रंजिश के चलते आरोपितों ने उस पर हमला कर घायल कर दिया। उसने शोर मचाया तो आरोपित वहां से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर उक्त लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
उधर, छछरौली के ताहरपुर कलां की नेहा ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह अपने पशु बाड़े में काम कर रही थी। इसी दौरान वहां पर पड़ोस में रहने वाली सलामती व उसका पति जामिल आ गए और किसी को बात को लेकर उसके साथ बहस करने लगे। जब उसने विरोध किया तो दोनों ने अपने बेटे काला, खालिद को भी वहां बुला लिया और उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसे काफी चोट आई। आसपास के लोगों ने उसे किसी तरह आरोपितों से छुड़ाया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हमलावरों पर केस दर्ज कर लिया।
वहीं, छछरौली के अजय शर्मा ने थाना छछरौली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कस्बा के ही अरूण कुमार ने अपने अन्य साथी के साथ उसके साथ मारपीट की व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।