गलत दवाई देने से महिला का गर्भपात, डॉक्टर और सहयोगी पर केस दर्ज
प्रतापनगर के एक गांव में रहने वाली महिला को डॉक्टर ने गलत इंजेक्शन लगा दिया। बेहोश होने पर आरोपित महिला को अपने साथ दुकान पर ले गया। महिला का आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगने से उसका गर्भपात हो गया।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : प्रतापनगर के एक गांव में रहने वाली महिला को डॉक्टर ने गलत इंजेक्शन लगा दिया। बेहोश होने पर आरोपित महिला को अपने साथ दुकान पर ले गया। महिला का आरोप है कि गलत इंजेक्शन लगने से उसका गर्भपात हो गया।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसके दो बच्चे हैं। साथ ही वह माह की गर्भवती थी। रफाकत नामक युवक डॉक्टरी करता है। एक दिन उसके घर पर आकर कहने लगा कि वह उसे बहुत अच्छी लगती है और वह उससे दोस्ती करना चाहता है। साथ ही बात करने के लिए उसे एक मोबाइल भी देना चाहा, लेकिन उसने मोबाइल लेने और दोस्ती करने से मना कर दिया। दो दिन बाद रफाकत उसके घर आकर कहने लगा कि यदि उसने मोबाइल नहीं लिया तो वह उसे गोली मारकर खुद भी आत्महत्या कर लेगा। उसके बाद उसने मोबाइल ले लिया, लेकिन उसने मोबाइल को स्विचऑफ कर अलमारी में रख दिया। गत माह रफाकत की दुकान पर काम करने वाला आसिफ आकर कहने लगा कि रफाकत बीमार है, इसलिए वह उसके पास फोन कर ले। उसने रफाकत के पास फोन किया। वह उसके धमकाने लगा कि वह उसका नाम लेकर आत्महत्या कर लेगा और उसे झूठे केस में फंसा देगा। महिला ने बताया कि 8 तारीख को उसे बुखार हो गया। रफाकत को जब इस बात का पता चला तो वह दवाई देने के बहाने उनके घर की छत पर आ गया। रफाकत ने उसे दवाई दी और इंजेक्शन भी लगाया। उसके बाद वह बेहोश हो गई। उसे अगले दिन होश आया तो वह रफाकत की दुकान पर थी। परिजन उसे वहां से लेकर आए। आरोप है कि गलत दवा से उसका छह माह का गर्भपात हो गया। उसने थाने में शिकायत दी।
प्रताप नगर थाने के एसआइ जयकिशन ने बताया कि रफाकत और आसिफ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।