हरियाणा के यमुनानगर में सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकराया ट्रक, ड्राइवर की दर्दनाक मौत
यमुनानगर-पंचकूला कलानौर नेशनल हाईवे पर मंडौली कट के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में कैंटर चालक की मौत हो गई।

हरियाणा के यमुनानगर में सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकराया ट्रक (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
यमुनानगर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क दुर्घटना में कैंटर चालक की मौत।
बिना इंडिकेटर खड़े कंटेनर से टकराया कैंटर, चालक अंदर फंसा।
पुलिस ने यातायात सुचारु किया, मृतक सहारनपुर निवासी प्रीत था।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। पंचकूला कलानौर नेशनल हाईवे पर मंडौली कट के पास सड़क दुर्घटना में कैंटर चालक की मौत हो गई। सड़क किनारे खड़े कंटेनर में पीछे से आ रहे कैंटर की टक्कर हुई। जिससे चालक अंदर फंस गया।
पुलिस ने मशक्कत कर उसे अंदर से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव पथरवा निवासी 39 वर्षीय प्रीत के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव अकालगढ़ के पूर्व सरपंच मोहन उर्फ सोनू ने बताया कि वह गांव से सैर करने के लिए नेशनल हाईवे की ओर गया था। जब वह गांव दुसानी कट से मंडौली कट की तरफ इंडियन आयल पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तो देखा कि एक यूके नंबर कंटेनर सड़क के बीच में खड़ा था। कंटेनर चालक ने न तो वाहन पर रिफ्लेक्टर लगाए थे और न ही कोई चेतावनी संकेतक लगाया था। वाहन के इंडिकेटर भी नहीं जल रहे थे। तभी औरंगाबाद की ओर से एक अन्य कैंटर आया और पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर ड्राइवर वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कंटेनर चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला एटा के गांव नीधौली कलां निवासी सोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइड्रा की मदद से सड़क के एक तरफ हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।
