भाजपा की इनेलो खेमे में सेंध, कई नेता शामिल
जिला परिषद की चेयरमैन के पार्टी छोड़ने के बाद भाजपा की सक्रियता भी बढ़ गई है। ठीक अगले ही दिन भाजपा ने इनेलो के खेमे में सेंध लगा ली।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : जिला परिषद की चेयरमैन के पार्टी छोड़ने के बाद भाजपा की सक्रियता भी बढ़ गई है। ठीक अगले ही दिन भाजपा ने इनेलो के खेमे में सेंध लगा ली। जगाधरी से इनेलो के एससी सेल के पूर्व जिला अध्यक्ष सुंदर लाल, जिला परिषद की पूर्व सदस्य अंगूरी देवी, ब्लाक समिति के पूर्व चेयरमैन रमेश कुमार महलांवाली व हरभजन सिंह ने इनेलो छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। इनके साथ पूर्ण चंद काठवाला, अजमेर महलांवाली व मेहर चंद महलांवाली ने भी विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल की मौजूदगी में भाजपा में आस्था जताई। इनेलो छोड़ भाजपा में शामिल हुए यमुनानगर से विधायक घनश्याम अरोड़ा की अध्यक्षता में जम्मू कॉलोनी से एक ग्रुप भाजपा में शामिल हुआ। अंकुश शर्मा, संदीप वर्मा, भूपिद्र, आकाश बिष्ट, विश्वास धीमान और गीता रानी ने भाजपा का हाथ थामा।