एससी-एसटी विधेयक पारित होने पर भाजपा नेताओं ने बांटे लड्डू
भाजपा सरकार द्वारा लोकसभा व राज्यसभा में एससी, एसटी विधेयक को पारित कराने पर भाजपा एससी मोर्चा के जिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस जगाधरी में हुई।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : भाजपा सरकार द्वारा लोकसभा व राज्यसभा में एससी, एसटी विधेयक को पारित कराने पर भाजपा एससी मोर्चा के जिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस जगाधरी में हुई। इसकी अध्यक्षता जिला महामंत्री व जिला प्रेस प्रवक्ता कर्मचंद टोली ने की। बैठक में एससी, एसटी विधेयक पास होने पर एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष इंजीनियर ऋषिपाल, जिला उपाध्यक्ष मनफूल नालागढ़, कुरुक्षेत्र प्रभारी सोमप्रकाश नंबरदार, जिला सचिव सुनील तेलीपुरा, ब्लाक चेयरमैन कालाराम, सचिव ताराचंद, पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉक्टर जगदीश महरमपुर ने अपने साथियों के साथ लड्डू बांटकर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री थापर चंद गहलोत का आभार व्यक्त किया।
इंजीनियर ऋषिपाल ने कहा कि भाजपा ही दलितों की सच्ची हितैषी है। कांग्रेस ने लंबे समय तक देश प्रदेश में शासन किया लेकिन दलितों को केवल मात्र वोट तक ही सीमित रखा। उनके विकास में शिक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। दलित वर्ग पिछड़ता चला गया। कांग्रेस ने देश पर लंबे समय तक शासन करने के बावजूद भी संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया। केंद्र सरकार में रहते हुए भाजपा ने संविधान निर्माता के पांच स्थानों पर स्मारक बनाए। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है। एससी समाज भाजपा के साथ खड़ा है। आने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा ने नौकरियों में आरक्षण बैकलॉग को भरने से सरकार ने दलित वर्ग की हितैषी होने का काम किया है। जगदीश महरमपुर ने कहा कि भाजपा ही दलितों का विकास बैंक अधिकारों की रक्षा कर सकती है। उन्होंने बताया कि 22 अगस्त को शाहबाद में जिला के पदाधिकारियों व मंडल अध्यक्षों, महामंत्री हिस्सा लेंगे।