101 पौधे देकर किया बरातियों का स्वागत
पर्यावरण बचाने के लिए सरकार और सामाजिक संस्थाएं कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को जागरूक करती हैं लेकिन यहां अलग तरह का नजारा देखने को मिला। एक निजी पैलेस में शादी समारोह में लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए दुल्हन ने दूल्हे को पौधा देकर स्वागत किया।
संवाद सहयोगी, बिलासपुर : पर्यावरण बचाने के लिए सरकार और सामाजिक संस्थाएं कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को जागरूक करती हैं, लेकिन यहां अलग तरह का नजारा देखने को मिला। एक निजी पैलेस में शादी समारोह में लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए दुल्हन ने दूल्हे को पौधा देकर स्वागत किया। दुल्हन के परिजनों ने पूरी बारात का 101 पौधों से स्वागत किया। यह अनूठा आइडिया न्यूजीलैंड से शादी समारोह में हिस्सा लेने आए दुल्हन के छोटे भाई परमदीप सिंह का था।
उसका कहना है कि पूरा विश्व ग्लोबल वार्मिग से जूझ रहा है। ऐसे में छोटे प्रयास भी काफी कारगर हो सकते हैं। लड़की के पिता जसपाल सिंह ने बताया कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाने के लिए हम सब को मिल-जुल का प्रयास कर आगे आना होगा। समाज के प्रत्येक धार्मिक और पारिवारिक कार्यक्रम में पौधारोपण को शामिल करना होगा।
रोपड़ से आई बरात
पंजाब के रोपड़ शहर से पहुंची नवजीत की बारात का स्वागत दुल्हन के परिजनों ने अनोखे ढंग से किया। बारात के पैलेस के गेट पर पहुंचते ही बारातियों ने सभी बरातियों का पौधा देकर स्वागत किया गया। पुलिस सेवा से रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर लड़की के पिता जसपाल का कहना है कि आज सभी को पर्यावरण के प्रति सचेत होने की आवश्यकता है। उसके बड़े बेटे मनप्रीत लाड़ी और छोटे-बेटे परमदीप सिंह ने यह पहल की है। उन्होंने कहा कि समाज को संदेश देना चाहते हैं कि पर्यावरण संरक्षण हम सबका दायित्व है। सिगल यूज प्लास्टिक पर हम सबको नियंत्रण करना चाहिए। मौके पर विभिन्न प्रकार के पौधों का स्टाल भी लगाया गया।