टिकट न मिलने से नाराज पूर्व मंत्री ने छोड़ी कांग्रेस, बसपा प्रत्याशी से मिलाया हाथ
कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है। सोमवार को कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे सुभाष चौधरी ने टिकट न मिलने पर पार्टी छोड़ दी। उन्होंने बड़े नेताओं पर अपना गुस्सा निकाला है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है। सोमवार को कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे सुभाष चौधरी ने टिकट न मिलने पर पार्टी छोड़ दी। उन्होंने बड़े नेताओं पर अपना गुस्सा निकाला है। उन्होंने अभी कोई पार्टी ज्वाइन नहीं की। मीडिया के सामने बसपा प्रत्याशी आदर्शपाल का समर्थन करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कुछ लोग बर्बाद करने पर तुले हैं। ऐसे लोगों को टिकट दे दिया जो कांग्रेस में चंद दिन पहले आए थे। उन्होंने कहा कि अकरम खान ने चार माह पहले पार्टी ज्वाइन की, उसको टिकट दे दिया गया। इसी तरह यमुनानगर से निर्मल चौहान को टिकट देने पर आपत्ति जताई।
प्रदेशाध्यक्ष पर भी किया प्रहार
सुभाष चौधरी ने कहा कि 19 साल तक पार्टी की सेवा की है। पार्टी को मजबूत करने के लिए चंदा भी दिया है। फिर भी उनके साथ अनदेखी हुई है। आरोप लगाया कि कुमारी सैलजा लोकसभा में हार गई। उसका बदला लेने के लिए उन्होंने कमजोर उम्मीदवार मैदान में उतार दिए। सैलजा और पूर्व सीएम के नेतृत्व के सवाल पर उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 2004 में भी इनका नेतृत्व था। उसके बाद उत्तरी हरियाणा के साथ क्या भेदभाव हुआ ये सब जानते हैं।
इन्होंने भी छोड़ी साथ में पार्टी
पूर्व मंत्री के साथ कांग्रेस सेवा दल के ग्रामीण अध्यक्ष सतेंद्र छिदा, ब्लॉक अध्यक्ष सही राम, प्रदेश सह संयोजक किसान और सेवा दल के जिलाध्यक्ष विशाल गुर्जर, पूर्व पार्षद सहित कई लोगों ने पार्टी छोड़ दी।
मेरे पिता तुल्य हैं सुभाष चौधरी
बसपा प्रत्याशी आदर्शपाल का कहना है कि उनके लिए ये गर्व का विषय है। उनको सुभाष चौधरी का सानिध्य मिल रहा है। चौधरी के मार्गदर्शन में ये चुनाव लड़ेंगे।