विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनानगर में 11 हजार वोल्ट के पोल पर काम करते बिजली कर्मचारी की करंट से मौत, दो बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया

Published: Sat, 03 Oct 2026 01:27 AM (IST)

यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट के बिजली के पोल पर काम करते समय एक कर्मचारी संजीव कुमार की करंट लगने से मौत हो गई।

बिजली कर्मचारी की करंट से मौत। फाइल फोटो

बिजली कर्मचारी की करंट से मौत। फाइल फोटो

HighLights

  1. यमुनानगर में बिजली पोल पर काम करते कर्मचारी की मौत।

  2. 11 हजार वोल्ट की लाइन में करंट आने से हादसा।

  3. मृतक के पिता ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। छछरौली क्षेत्र के गनौली गांव में वीरवार शाम बिजली निगम के काम के दौरान 11 हजार वोल्ट की लाइन के पोल पर चढ़े कर्मचारी संजीव कुमार (34) की करंट लगने से मौत हो गई। इस्माईलपुर गांव के संजीव दो बच्चों का पिता थे और करीब 12 वर्षों से छछरौली बिजली विभाग में ठेकेदार के अंतर्गत काम कर रहे थे।

मृतक के पिता धर्मपाल ने बिजली निगम के अधिकारियों, लाइनमैन, ठेकेदार व अन्य कर्मचारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने परमिट लिए जाने की बात कहकर संजीव को पोल पर काम करने भेजा, पर कार्य के दौरान अचानक 11 हजार वोल्ट की लाइन चालू हो गई। करंट लगने से संजीव नीचे गिर गया।

धर्मपाल ने छछरौली थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि संजीव गांव इस्माईलपुर निवासी राजबीर उर्फ निट्टू के साथ काम करता था। राजबीर उसका ठेकेदार था।

वीरवार को संजीव, राजबीर व गांव पीरमाजरा निवासी रोहताश बिजली निगम के काम से गनौली गांव गए थे। पहले एक स्थान पर काम करने के बाद राजबीर उन्हें खेतों में स्थित डेरे के पास दूसरे स्थान पर ले गया। काम शुरू करने से पहले संजीव व रोहताश ने राजबीर से जीआइ व लाइनमैन से परमिट लेने के बारे में पूछा। आरोप है कि राजबीर ने परमिट होने की बात कही।

इसके बाद संजीव पोल पर चढ़ गया। कुछ मिनट बाद लाइन में करंट आ गया। तेज झटका लगने से वह नीचे गिर पड़ा। रोहताश व एक ग्राहक उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। स्वजन का आरोप है कि हादसा शाम पांच बजे हुआ, पर उन्हें तत्काल सूचना नहीं दी गई। उन्होंने घटना दबाने और गुमराह करने का भी आरोप लगाया।

राजबीर उर्फ निट्टू के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस परमिट, काम की अनुमति व लाइन बंद करने की प्रक्रिया की जांच कर रही है।

- वेदपाल, प्रभारी, थाना छछरौली।