हरियाणा में करवाचौथ पर खरीदारी को लेकर हुआ बहस, महिला ने फंदा लगाकर दी जान
यमुनानगर के शादीपुर गांव में करवाचौथ की खरीदारी को लेकर हुए विवाद के बाद एक 28 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

करवाचौथ पर्व पर खरीदारी को लेकर बहस, महिला ने फंदा लगाकर दी जान।
HighLights
यमुनानगर में 28 वर्षीय महिला ने की आत्महत्या।
करवाचौथ खरीदारी पर पति से हुआ था विवाद।
पति, सास, ननद पर प्रताड़ना का आरोप, केस दर्ज।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। सदर यमुनानगर थाना क्षेत्र के गांव शादीपुर में 28 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि उसका पति, सास और ननद उसे प्रताड़ित करते थे, बेटियां होने पर ताने देते थे।
पुलिस को दी शिकायत में वीणानगर कैंप निवासी सुमन ने बताया कि उसकी बेटी शिवानी ने गांव शादीपुर की रायपुर कालोनी निवासी प्रिंस उर्फ पिचू से प्रेम विवाह किया था। वर्ष 2018 में दोनों की शादी हुई थी। प्रिंस फैक्ट्री में नौकरी करता है।
इस शादी से उनकी दो बेटियां हैं। आरोप है कि प्रिंस, उसकी मां रीटा व बहन प्रीती अक्सर शिवानी को परेशान करते थे। बेटियां पैदा होने पर उसे ताने देते थे। प्रिंस भी उसके साथ मारपीट करता था, जिससे वह परेशान रहती थी। बुधवार को भी करवाचौथ पर्व की खरीदारी को लेकर शिवानी की पति से बहस हुई। आरोप है कि पति ने उसके साथ मारपीट की।
इससे आहत होकर उसने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। सदर यमुनानगर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि मृतका के स्वजन की शिकायत पर पति, सास और ननद के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू की।
