ससुराल आ रही दुल्हन ने रास्ते में दूल्हे से कहा- उल्टी आ रही है, और फिर यूं हो गई फरार
मांग भरने के कुछ ही घंटे बाद एक नई नवेली दुल्हन युवक को धोखा दे गई। ससुराल आते वक्त रास्ते में दुल्हन ने कहा कि उसे उल्टी आ रही है और फिर ऐसे धोखा दे दिया।
जेएनएन, यमुनानगर। मांग भरने के कुछ ही घंटे बाद एक नई नवेली दुल्हन युवक को धोखा दे गई। ससुराल आते वक्त रास्ते में दुल्हन ने कहा कि उसे उल्टी आ रही है। वह सड़क की दूसरी तरफ गई और देखते ही देखते वहां से गायब हो गई। दरअसल, युवक की शादी नहीं हो रही थी तो उसने एक लाख रुपये देकर रिश्ता करवाया था, लेकिन वह यहां ठगी का शिकार हो गया। मामला चार माह पुराना है, लेकिन पुलिस ने अब आरोपितों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
सहारनपुर के देवबंद गांव निवासी विक्रम ने थाना छछरौली पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दिव्यांग है और दर्जी की दुकान करता है। छछरौली के कोटड़ा काहन सिंह गांव निवासी प्रीतम उसकी मौसी के जान-पहचान में है। मौसी ने प्रीतम से कहा था कि उसके भांजे का कहीं रिश्ता नहीं हो रहा है। प्रीतम ने कहा कि उसकी नजर में एक लड़की है। वह उसकी विक्रम से शादी तो करा देगा, लेकिन उसे एक लाख रुपये देने होंगे।
बात तय हो जाने पर 20 अप्रैल को वे परिवार समेत छछरौली पहुंच गए। यहां विक्रम ने बताया कि लड़की हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से है। वे उसके साथ कार में बैठ गए। विक्रम ने उनसे एक लाख रुपये लिए।पांवटा साहिब पहुंचने पर विक्रम ने उन्हें कार से नीचे नहीं उतरने दिया। उसने लड़की को कार में ही बुला लिया। कार में ही दुल्हन की मांग भरने की रस्म पूरी हुई। जहां उसकी बहन ने लड़की के कानों में सोने की बालियां और चांदी का हार पहनाया।
इसके बाद वे लड़की को लेकर घर के लिए चल दिए। रास्ते में एक दुकान पर चाय पीने को रुक गए। तभी दुल्हन कहने लगी कि उसे उल्टी आ रही है। उल्टी करने के लिए वह दूसरी तरफ चली गई। इसी दौरान मौका पाकर वह फरार हो गई। उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इस बारे में विक्रम से बात कर अपने रुपये और गहने वापस मांगे, लेकिन उसने मना कर दिया। विक्रम का आरोप है कि प्रीतम ने साजिश के तहत उनसे रुपये ठगे हैं। थाना छछरौली प्रभारी मुकेश का कहना है कि प्रीतम, जगदीश और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें