40 एकड़ गेहूं की फसल जलने के बाद जागा प्रशासन, दमकल की गाड़ी उपलब्ध करवाई
क्षेत्र में लगभग 40 एकड़ गेहूं की फसल व फाने जलने के बाद प्रशासन की ओर से रविवार को रादौर में अस्थाई रूप से गेहूं के सीजन तक फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की व्यवस्था कर दी है।
संवाद सहयोगी, रादौर : क्षेत्र में लगभग 40 एकड़ गेहूं की फसल व फाने जलने के बाद प्रशासन की ओर से रविवार को रादौर में अस्थाई रूप से गेहूं के सीजन तक फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की व्यवस्था कर दी है।
फायर बिग्रेड की ओर से भेजी गई गाड़ी को शहीद उधम सिंह धर्मशाला में खड़ा किया गया है। क्षेत्र में कही भी आग लगने पर फायर बिग्रेड की गाड़ी को अब तुरंत मौके पर भेजकर आग बुझाने का काम प्रशासन के अधिकारियों ने दावा किया है। नगरपालिका के सचिव सुरेंद्र मलिक ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की मांग पर गेहूं के सीजन के लिए एक गाड़ी रादौर में खड़ी की गई है। गाड़ी के साथ साथ चार कर्मचारी दिन के समय और चार कर्मचारी रात के समय ड्यूटी पर रहेंगे। क्षेत्र में आग लगने की घटना घटने पर स्थानीय लोग नगरपालिका कार्यालय रादौर या फायर बिग्रेड से 101 नंबर पर संपर्क कर सकते है। तुंरत फायरबिग्रेड की सुविधा उपलब्ध होगी। उधर, फायर बिग्रेड की गाडी उपलब्ध करवाने पर भारतीय किसान यूनियन की ओर से जिला प्रधान संजू गुंदयाना ने प्रशासन के अधिकारियों का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से में फायर बिग्रेड की गाडी 15 दिन पहले उपलब्ध करवाई जानी चाहिए थी। पिछले कुछ दिनों में लगभग 40 एकड़ गेहूं व फाने आग से जल चुके है। जहां फायर बिग्रेड की सुविधा समय पर न मिलने से फसल जलने पर लाखों का नुकसान हुआ है।