बिना परमिट चल रही मैक्सी कैब प्रशासन के निशाने पर सबके दस्तावेजों की होगी जांच
जिला के कई रूटों पर अवैध रूप से चल रही मैक्सी कैब पर आरटी
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
जिला के कई रूटों पर अवैध रूप से चल रही मैक्सी कैब पर आरटीए विभाग शिकंजा कसेगा। रूटों पर जाकर सभी मैक्सी कैब के दस्तावेजों व परमिट की जांच की जाएगी। क्योंकि काफी मैक्सी कैब ऐसी हैं जिनके पास परमिट ही नहीं है। गत दिनों हुई रोड सेफ्टी की मीटिग में भी मैक्सी कैब पर कार्रवाई किए जाने का मसला उठा था। जिस पर एसपी कमलदीप गोयल ने भी इन पर सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिया था। क्षमता से अधिक लेकर चल रही सवारी :
मैक्सी कैब में क्षमता से अधिक सवारी बिठाई जा रही है। जबकि नियमानुसार जितनी सीट कंपनी ने गाड़ी में दी है उससे एक भी ज्यादा सवारी इनमें नहीं बिठाई जा सकती। कई बार तो सवारी इतनी ज्यादा होती है कि उन्हें मैक्सी कैब के पीछे खड़ा करने से भी गुरेज नहीं किया जाता। दूसरा इनके चलने की गति भी निर्धारित नहीं है। सड़क पर गलत तरीके से दूसरे वाहनों को ओवरटेक करते हैं। जिससे हर समय सड़क हादसा होने की संभावना बनी रहती है। जिला में सबसे ज्यादा यमुनानगर-सहारनपुर हाईवे, जगाधरी-अंबाला हाईवे, बिलासपुर-साढौरा स्टेट हाईवे व साढौरा-नारायणगढ़ मार्ग पर चलती हैं। रास्ते की बिठाते हैं सवारी
परमिट के अनुसार मैक्सी कैब एक जगह से चलकर आखिरी स्टेशन तक रास्ते में किसी भी गांव या स्टापेज से सवारी को नहीं बिठाएगी। रास्ते की बसों को रोडवेज या फिर सहकारी परिवहन समिति की बस ही बिठाएगी। परंतु मैक्सी कैब चालक जहां सवारी देखी वहीं ब्रेक लगा देते हैं। परिवहन समिति के पदाधिकारी तो कई बार इनकी शिकायत अधिकारियों से कर भी चुके हैं। क्योंकि रास्ते की सवारी बिठाने से उन्हें रोजाना काफी नुकसान होता है। परंतु अधिकारियों ने उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की। सबके दस्तावेज जांचे जाएंगे : भारत भूषण
आरटीए सचिव भारत भूषण कौशिक का कहना है कि गलत तरीके से चल रही मैक्सी कैब वालों पर कार्रवाई करेंगे। अब सभी के दस्तावेज जांचे जाएंगे।