एसपी कोठी के पास से महिला का पर्स छीन ले गए एक्टिवा सवार
शहर के कानून व्यवस्था का दीवाला निकल चुका है। बदमाशों के हौसले बुलंद है।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर
शहर के कानून व्यवस्था का दीवाला निकल चुका है। बदमाशों के हौसले बुलंद है। बृहस्पतिवार को एसपी की कोठी के पास से कैंटीन संचालिका का पर्स एक्टिवा सवार छीन कर ले गए। हिम्मत दिखाते हुए महिला व उसकी बेटी ने बदमाशों का पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाई।
विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी देवेंद्र कौर ने बताया कि काफी समय से एमएलएन कॉलेज में कैंटीन चलाती है। उनकी बेटी सिमरन भी उनकी मदद करती है। हर रोज की तरह मां बेटी कैंटीन बंद कर रिक्शा से घर जा रही थी। इस दौरान जैसे ही उनकी रिक्शा एसपी कोठी के पास पहुंची। पीछे से एक्टिवा सवार दो युवक आए। उन्होंने टोपी लगाई हुई थी। इससे पहले महिला कुछ समझ पाती एक्टिवा पर पीछे बैठे बदमाश ने महिला का पर्स पर झपट्टा मार लिया, लेकिन महिला ने पर्स नहीं छोड़ा। काफी देर तक खींचतान होती रही। लेकिन बदमाशों ने उन्हें गिराकर पर्स झपट लिया। पर्स में 13 हजार रुपए, मोबाइल फोन और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। पीछे से कॉलेज में आ रहे छात्रों की मदद से मां बेटी ने बदमाशों को पकड़ने का काफी प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिल पाई। बाद में महिला सिटी थाने में पहुंची। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया।
युवक को तमंचा दिखाकर पर्स व मोबाइल लूटा
जागरण संवाददाता, यमुनानगर :
फर्कपुर थाना एरिया के कैंप निवासी आशीष रात करीब दस बजे घर से पैदल ही दवाई लेने के लिए जा रहे थे। जब वह दवाई लेकर वापिस लौट रहे थे, तो रास्ते में बाइक पर तीन युवक आए। उन्होंने मुंह पर कपड़ा लपेटे हुए थे। उन्होंने बाइक आशीष के पास लगाई। पीछे बैठा युवक उतरा और उनके ऊपर तमंचा तान दिया। जिससे वह घबरा गए। बदमाशों ने उनका मोबाइल व पर्स लूट लिया। पर्स में 22 हजार रुपये थे। लूट की वारदात के बाद बदमाश भाग निकले। आशीष ने घर पहुंचकर दूसरे मोबाइल से पुलिस को कॉल किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की। मामले में केस दर्ज कर लिया गया।