विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनानगर में काम कर दोस्त संग पैदल घर लौट रहा था पेंटर, डंपर ने कुचला; आगे चल रहे ट्रैक्टर में भी मारी टक्कर

Published: Sat, 26 Sep 2026 02:24 AM (IST)

यमुनानगर के पाबनी गांव के पास तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से 18 वर्षीय पेंटर जितेंद्र की मौत ...और पढ़ें

सड़क हादसे में पेंटर की मौत। फाइल फोटो

सड़क हादसे में पेंटर की मौत। फाइल फोटो


HighLights

  1. यमुनानगर में तेज रफ्तार डंपर से पेंटर जितेंद्र की मौत।

  2. हादसे में ट्रैक्टर चालक रेशम सिंह गंभीर रूप से घायल।

  3. पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। पाबनी गांव के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से पेंटर जितेंद्र (18) की मौत हो गई। हादसे के बाद अनियंत्रित डंपर आगे चल रहे ट्रैक्टर से भी जा भिड़ा। इसमें ट्रैक्टर चालक रेशम सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद चंडीगढ़ पीजीआइ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। जितेंद्र दो भाइयों में बड़ा था और पेंटर का काम करता था।

पाबनी निवासी जितेंद्र अपने दोस्त 23 वर्षीय आयुष के साथ काम खत्म कर पैदल घर लौट रहा था। दोनों पाबनी के पास पुलिया पर पहुंचे थे कि पीछे से आए डंपर ने टक्कर मार दी। इसमें जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आयुष को मामूली चोटें आईं। टक्कर के बाद डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और आगे जा रहे ट्रैक्टर को भी टक्कर मार दी।

इससे ट्रैक्टर चालक रेशम सिंह घायल हो गया। हादसे की सूचना पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जितेंद्र को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया, उधर हादसे में घायल रेशम सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

हादसे की सूचना पर पुलिस ने डंपर चालक को मौके से हिरासत में ले लिया था। थाना छप्पर प्रभारी प्रमोद वालिया ने बताया कि हादसे में जितेंद्र की मौत हुई है, जबकि ट्रैक्टर चालक रेशम सिंह घायल है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई होगी।