विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनानगर में नवरात्रि पूजन सामग्री विसर्जित करते समय नहर में डूबा नाबालिग, तीन घंटे बाद मिला शव

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:55 AM (IST)

यमुनानगर में नवरात्रि पूजन सामग्री विसर्जित करते समय 14 वर्षीय किशोर पश्चिमी यमुना नहर में डूब गया। तीन घंटे के ...और पढ़ें

नहर में डूबा नाबालिग। फाइल फोटो

नहर में डूबा नाबालिग। फाइल फोटो

HighLights

  1. 14 वर्षीय किशोर पूजन सामग्री विसर्जित करते डूबा।

  2. पश्चिमी यमुना नहर के जमना गली घाट पर हादसा।

  3. गोताखोरों ने तीन घंटे बाद शव बरामद किया।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। पश्चिमी यमुना नहर में जमना गली घाट पर रविवार को नवरात्रि की पूजन सामग्री विसर्जित करते समय पैर फिसलने से 14 वर्षीय किशोर नहर में डूब गया। साथ आए छोटे भाई ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए। गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चलाया। करीब तीन घंटे बाद किशोर का शव बरामद हुआ।

मृतक की पहचान हमीदा निवासी अंकित कुमार के रूप में हुई है। मृतक के मामा विकास कुमार ने बताया कि अंकित अपने छोटे भाई शक्ति उर्फ अनमोल के साथ नवरात्रि की पूजन सामग्री विसर्जित करने जमना गली घाट पर गया था।

सामग्री विसर्जित करते समय अंकित का पैर फिसल गया और वह नहर में डूब गया। शक्ति ने शोर मचाया तो दो लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन वे दोनों तैरना नहीं जानते थे। इसके बाद आसपास के लोग और स्वजन भी वहां पहुंच गए। गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला।

घाट पर फिसलन, सीढ़ियां भी नहीं

जिस जगह हादसा हुआ, वहां घाट पर काफी फिसलन है। गोताखोर भी शव निकालने के बाद रस्सी पकड़कर बाहर निकले। घाट काफी पुराना है और यहां सीढ़ियां नहीं हैं, जिससे फिसलने का खतरा बना रहता है। दोनों बच्चों को भी फिसलन का अंदाजा नहीं था। अंकित के पिता अनिल कुमार इस्जैक फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। परिवार में उसका एक छोटा भाई और दो बहनें हैं।