गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य जांच के लिए 24 बार किए जाएंगे फोन: डॉ. विजय
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लोगों को किलकारी योजना के बारे में जानकारी दी गई। एसएमओ डॉ. विजय परमार ने योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
संवाद सहयोगी, रादौर : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लोगों को किलकारी योजना के बारे में जानकारी दी गई। एसएमओ डॉ. विजय परमार ने योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षित मातृत्व के लिए भारत सरकार की ओर से शुरू की गई किलकारी योजना गर्भवती महिलाओं व नवजात बच्चों के लिए सुरक्षा कवच का काम करेगी। चार महीने से गर्भवती होने पर महिला का स्वास्थ्य विभाग पंजीकरण करेगा, जिसके पश्चात स्वास्थ्य विभाग बच्चे के जन्म तक स्वास्थ्य चेकअप के लिए महिला के पास 24 बार फोन के माध्यम से काल की जाएगी, जो कि उसका समय समय पर जांच के लिए न केवल याद दिलाती रहेगी। बल्कि महिला का स्वास्थ्य चेकअप भी किया जाएगा। योजना को सफल बनाने के लिए विभाग के कर्मचारी अपना पूरा योगदान दें। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुरक्षित मातृत्व के लिए किलकारी योजना शुरू कर प्रदेश की महिलाओं को स्वस्थ रखने का बीड़ा उठाया गया है। योजना के तहत महिला को समय समय पर कॉल करके टीके लगवाने की जानकारी दी जाएगी। वहीं महिलाओं को खान पान से संबंधित सलाह भी दी जाएगी। इसी प्रकार डिलीवरी के पश्चात एक साल तक महिला के पास स्वास्थ्य विभाग से 48 काल की जाएगी। इस कॉल के माध्यम से नवजात बच्चे के संपूर्ण टीकाकरण की जानकारी दी जाएगी। महिला को बताया जाएगा कि कौन से टीके से किस बिमारी से उसे सुरक्षा मिलेगी। फोन के माध्यम से महिलाओं को समय समय पर लगने वाले टीकों की याद भी दिलाई जाएगी।