नगर निगम के 100 कर्मचारियों ने सफाई कर रेलवे बाजार को चमकाया
100 दिन स्वच्छता के विशेष अभियान के तहत वीरवार को नगर निगम की ओर से जगाधरी रेलवे बाजार की सफाई की गई। अभियान के तहत निगम के लगभग 100 कर्मचारियों ने करीब तीन घंटे तक रेलवे बाजार व आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह साफ किया। निगम कर्मचारियों ने ऐसी जगह को भी साफ किया जहां बहुत कम सफाई होती थी।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर : 100 दिन स्वच्छता के विशेष अभियान के तहत वीरवार को नगर निगम की ओर से जगाधरी रेलवे बाजार की सफाई की गई। अभियान के तहत निगम के लगभग 100 कर्मचारियों ने करीब तीन घंटे तक रेलवे बाजार व आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह साफ किया। निगम कर्मचारियों ने ऐसी जगह को भी साफ किया, जहां बहुत कम सफाई होती थी।
सुबह करीब 6 बजे निगम के सीएसआइ हरजीत सिंह व सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज के नेतृत्व में 100 कर्मचारी जगाधरी रेलवे बाजार पहुंचे। सीएसआइ ने पहले कर्मचारियों की ड्यूटियां लगाकर टीमों का गठन किया। सेनेटरी इंस्पेक्टर अमित कांबोज, सेनेटरी इंस्पेक्टर बिट्टू, सेनेटरी इंस्पेक्टर प्रदीप दहिया, एएसआई सचिन कांबोज, एएसआइ कृष्ण कुमार, एएसआइ सुमित बेंस, एएसआइ सतबीर, एएसआइ फूल सिंह व मंगलेश की देखरेख में कर्मचारियों ने बाजार की सफाई शुरू की। कर्मचारियों ने इस दौरान रेलवे बाजार की हर दुकान के बाहर व रोड के दोनों तरफ सफाई की। इसी तरह चौक बाजार, खेड़ा मार्केट व आसपास इलाकों की भी सफाई की गई। कमिश्नर अजय सिंह तोमर ने कहा कि नगर निगम का यह अभियान तभी सफल होगा, यदि शहरवासी इसमें अपना सहयोग दें। शहरवासी अपने घरों से निकलने वाली गंदगी को खुले में न डालें। न ही नालों व नालियों में डालें। कचरा केवल कूड़ादान में ही डालें।
ज्वाइंट कमिश्नर अखिल पिलानी ने कहा कि 100 दिन स्वच्छता अभियान के तहत हर वीरवार को शहर के सार्वजनिक स्थानों पर गहनता से सफाई की जा रही है। भविष्य में अभियान लघु सचिवालय, यमुनानगर व जगाधरी सिविल अस्पताल, रेलवे स्टेशन समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी चलाया जाएगा।