होम ट्यूटर ने प्रेमिका से बात करते हुए फांसी लगाकर जान दी
दिल्ली में निजी होम ट्यूटर का कार्य करने वाले युवक ने शनिवार को प्रेमिका से बात करते हुए फांसी लगा लिया।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : दिल्ली में निजी होम ट्यूटर का कार्य करने वाले युवक ने शनिवार सुबह को अपने घर पर चादर से फंदा लगा लिया। वह कई घंटे से अपनी प्रेमिका से मोबाइल पर बात कर रहा था। परिवार के लोगों का आरोप है कि वह कई दिन से परेशान था। उन्हें आशंका है कि दिल्ली की उसकी प्रेमिका ने दबाव बनाया हुआ था। पुलिस ने परिवार के लोगों की शिकायत पर ट्यूटर की प्रेमिका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गौतम लाकड़ा ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि उसका भाई अभिमन्यू दिल्ली में होम ट्यूटर था। वह लाकडाउन से पहले तक दिल्ली में रहकर ट्यूशन पढ़ाता था। इसी दौरान उसका संपर्क दिल्ली के बदरपुर क्षेत्र में रहने वाली युवती से हो गया था। दोनों में लगातार बातचीत होती थीं। इनके बीच करीब छह साल से संबंध थे। वह प्रेमिका को लेकर कई दिन से परेशान था। दिनरात घर पर परेशान रहता था। शनिवार सुबह करीब आठ बजे वह ज्यादा परेशान था। इस दौरान उसकी दिल्ली की अपनी प्रेमिका से लगातार मोबाइल पर बातचीत हो रही थी।
गौतम लाकड़ा ने बताया कि उसकी प्रेमिका किसी बात को लेकर अभिमन्यू पर दबाव बना रही थी। इसी दौरान अभिमन्यू ने चादर से फंदा लगा लिया। उसको तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। परिवार के लोगों ने उसकी प्रेमिका को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। अभिमन्यू के मोबाइल से उसकी प्रेमिका का नंबर भी उपलब्ध करा दिया है। फंदा लगाने से ठीक पहले तक उसकी प्रेमिका से बातचीत होने का दावा किया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।