चाकू हाथ में आते ही पागल हो जाता था शातिर अमित
बुटाना चौक के दो पुलिसकर्मियों की हत्या का मुख्य आरोपित अमित हाथ में चाकू आते ही पागल हो जाता था। वह चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर देता था।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : बुटाना चौक के दो पुलिसकर्मियों की हत्या का मुख्य आरोपित अमित हाथ में चाकू आते ही पागल हो जाता था। वह चाकू से ताबड़तोड़ प्रहार कर देता था। ऐसा ही उसने दोनों पुलिसकर्मियों के साथ किया था। दबिश देने गई सीआइए टीम पर भी उसने चाकू से हमला किया था। इसी दौरान वह मुठभेड़ में मारा गया। उसके अन्य साथियों का भी आपराधिक इतिहास है। गिरफ्तार संदीप पर भी हत्या के प्रयास व अवैध हथियार का अभियोग दर्ज हैं। इनके फरार साथियों की तलाश में सीआइए व एसटीएफ सहित आठ टीम लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिसकर्मियों की हत्या के बाद आरोपितों की तलाश को आठ टीम लगाई गई थी। पुलिस ने घटनास्थल पर संचालित मोबाइल को ट्रेस किया, रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सिपाही के हाथ पर लिखे एक वाहन के नंबर की जांच की। इनके सहारे पुलिस जींद पहुंची तो वहां बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जींद के रोहतक रोड निवासी संदीप के घर पर हुई मुठभेड़ में भी मुख्य आरोपित अजमेर बस्ती जींद निवासी अमित चाकू लेकर पुलिसकर्मियों पर टूट पड़ा और ताबड़तोड़ वार करते हुए चार पुलिसकर्मियों को घायल कर दिया। पुलिस को जवाबी कार्रवाई में गोली चलानी पड़ी, जिसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार इस वारदात में छह लोग शामिल थे, जिनमें फिलहाल चार फरार हैं। पुलिस टीम सर्च कर रही है। बुधवार को पुलिस टीमों ने जींद, रोहतक, पानीपत, उत्तर प्रदेश के बागपत, मेरठ व दिल्ली में कई स्थानों पर दबिश दी। इसके साथ ही प्रदेश में अलर्ट कर दिया गया है। मुठभेड़ में घायल सभी चार पुलिसकर्मियों की हालत में सुधार है। गिरफ्तार आरोपित संदीप पर 2015 में थाना सदर जींद में हत्या के प्रयास व अवैध हथियार रखने का अभियोग दर्ज है।
मुठभेड़ में मारे गए अमित पर दर्ज आपराधिक वारदात :
1. वर्ष 2015 मे थाना शहर जींद मे झगड़ा व जान से मारने की धमकी देना
2. वर्ष 2015 में थाना शहर जींद में घर मे घुसकर चोरी करने की घटना
3. वर्ष 2017 मे थाना शहर जींद मे मारपीट व जान से मारने की धमकी देने की घटना
4. वर्ष 2014 मे थाना शहर जींद मे घर में घुसकर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने की घटना
5. वर्ष 2014 में थाना सदर जींद मे दर्ज हत्या के प्रयास व गिरोह बंदी की घटना
6. वर्ष 2015 मे थाना शहर जींद मे दर्ज मारपीट कर घायल करने व जान से मारने की धमकी देने की घटना पुलिस टीमों ने विभिन्न तकनीक का प्रयोग कर हत्यारों तक पहुंच गई। मुठभेड़ में एक बदमाश को मार गिराया और दूसरे को गिरफ्तार कर लिया है। फरार हुए दो बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इनके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है। जल्द आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होंगे। अभी विवेचना चल रही है।
- जशनदीप सिंह रंधावा, पुलिस अधीक्षक