विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भतीजे को बचाने आए चाचा की पीट-पीटकर हत्या, सोनीपत में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष

Published: Thu, 10 Sep 2026 08:28 PM (IST)

सोनीपत के लिवान गांव में दो पक्षों के झगड़े में भतीजे को बचाने आए चाचा हरि की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

News Article Hero Image

HighLights

  1. भतीजे को हमलावरों से बचाने आए चाचा हरि की पीटकर हत्या।

  2. लिवान गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प।

  3. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

संवाद सहयोगी, राई। लिवान गांव में भतीजे को हमलावरों से बचाने आए चाचा की पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात बुधवार देर रात की है। हमले में जमकर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे चले। मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दी है।

पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने इसे स्वजन के सुपुर्द कर दिया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस द्वारा किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई थी।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को बुधवार रात साढ़े दस बजे लिवान गांव में दो पक्षों की मारपीट होने और एक अधेड़ व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अस्पताल में पहुंचाया और जांच शुरू की। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि झगड़े की शुरुआत राई औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक कंपनी के दो कर्मचारियों रविंद्र और कैलाश के बीच बुधवार दोपहर को हुई।

कंपनी के बाहर साथियों को बुलाकर की कैलाश की पिटाई

इसमें कंपनी के बाहर रविंद्र ने अपने साथियों को बुलाकर कैलाश की पिटाई करवा दी। रात के समय उनमें फिर से झगड़ा हुआ। झगड़े में कैलाश पक्ष के लोगों को चोटें आईं जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।

यह झगड़ा रात के साढ़े दस बजे फिर से भड़क उठा जब हमलावर रविंद्र के घर में घुस आए। शोर-शराबा सुनकर अपने भतीजे रविंद्र को बचाने आए उसके चाचा हरि पर भी हमलावरों ने ईंटों-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। हरि को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दोपहर में हुए झगड़े की सूचना पुलिस को नहींं दी गई

राई के एसीपी मलकीत सिंह ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार को हुए झगड़े की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। अगर सूचना पुलिस को दी जाती तो झगड़ा नहीं बढ़ता।

झगड़े में मौत का शिकार हुआ हरि मूलरूप से हरदोई के कौरू खुर्द गांव के रहने वाले थे। रविंद्र और कैलाश दोनों एक ही फैक्ट्री में काम करते हैं। ये सभी गांव लिवान में किराये पर रहते हैं।

मृतक हरि की पत्नी जयदेवी की शिकायत पर कैलाश आदि के खिलाफ और कैलाश की शिकायत के आधार पर रविंद्र आदि के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। मामलों की गंभीरता के साथ जांच की जा रही है।