विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मिट्टी पर ही बिछा दी सड़क, सोनीपत में ठेकेदार की कारस्तानी पकड़ी गई; लट्ठ लेकर पहरा दे रहे ग्रामीण

Published: Fri, 25 Sep 2026 06:50 PM (IST)

सोनीपत में बड़वासनी से आईआईआईटी तक बन रही सड़क में निम्न स्तर की सामग्री के इस्तेमाल के खिलाफ ग्रामीणों ने ...और पढ़ें

ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी। जागरण

ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी। जागरण

HighLights

  1. बड़वासनी-आईआईआईटी सड़क में घटिया सामग्री के इस्तेमाल पर ग्रामीणों का गुस्सा।

  2. जिला पार्षद संजय बड़वासनिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने धरना शुरू किया।

  3. ठेकेदार की लीपापोती रोकने ग्रामीण लट्ठ लेकर दिन-रात पहरा दे रहे।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। बड़वासनी से आईआईआईटी तक बन रही सड़क में निम्न स्तर की सामग्री के इस्तेमाल और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। जिला पार्षद संजय बड़वासनिया के नेतृत्व में किसानों और ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया है।

ठेकेदार द्वारा चोरी-छिपे लीपापोती करने की कोशिशों को देखते हुए ग्रामीण हाथों में लट्ठ लेकर दिन-रात मौके पर पहरा दे रहे हैं। जिला पार्षद संजय बड़वासनिया ने आरोप लगाया कि पूरी सड़क के निर्माण में निम्न स्तर की सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।

अधिकारियों की अनदेखी के चलते मिट्टी के ऊपर ही सीधे सड़क बिछा दी गई। शिकायत के बावजूद जो कार्य अधूरा पड़ा था, ठेकेदार ने उसे चोरी-छिपे पूरा करने का प्रयास किया। शाम को कैंटर में सामान भेजकर सड़क को दोबारा रिपेयर करने की कोशिश की गई।

ग्रामीणों के विरोध पर लेबर हुई फरार

जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो कैंटर सवार लेबर मौके से भाग खड़ी हुई। ग्रामीणों की सतर्कता के कारण सरकार को लाखों रुपये का चूना लगाने की ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत बेनकाब हो गई।

जिला पार्षद संजय बड़वासनिया ने बताया कि जब तक इस सड़क को पूरी तरह उखाड़कर मानक सामग्री के साथ दोबारा नहीं बनाया जाएगा, तब तक यहां कोई काम नहीं होने दिया जाएगा और धरना जारी रहेगा। इस अवसर पर सुरजीत, रविंद्र, वीरेंद्र, संदीप, कुलदीप सहित कई किसान और ग्रामीण मुस्तैद रहे।