सोनीपत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं, एस्केलेटर और लिफ्ट का काम तेज
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए नए फुट ओवरब्रिज के साथ एस्केलेटर और लिफ्ट लगाने का कार्य ...और पढ़ें

एस्केलेटर का काम तेज
HighLights
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर नए एस्केलेटर और लिफ्ट लगाए जा रहे हैं।
प्लेटफार्म एक और दो पर एस्केलेटर लगाने का काम जारी है।
बुजुर्गों, दिव्यांगों और सामान वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा होगी।
विष्णु कुमार, सोनीपत। दिल्ली रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले ए-ग्रेड श्रेणी के सोनीपत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और भीड़ के सुगम प्रबंधन के लिए बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। नए एफओबी के साथ प्लेटफार्म एक पर एक और एस्केलेटर लगाया जा रहा है।
इसके लिए आवश्यक मशीनें और उपकरण स्टेशन परिसर में पहुंच चुके हैं। एस्केलेटर का बेस पहले ही तैयार कर लिया गया था, जिसमें मशीन को स्थापित करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त प्लेटफार्म नंबर 2 पर भी एस्केलेटर लगाने का काम जोरों पर है।
रोजाना 40 हजार यात्री करते हैं सफर
सोनीपत स्टेशन से रोजाना दिल्ली-अंबाला और गोहाना-जींद रूट पर करीब 40 हजार यात्री आवागमन करते हैं। अमृत भारत स्टेशन परियोजना के तहत रेलवे स्टेशन पर करीब 29 करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण का कार्य चल रहा है। जिसके तहत करीब 4.50 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा नया फुट ओवरब्रिज (एफओबी) तैयार किया गया है।
नए एफओबी के साथ चारों प्लेटफार्मों पर यात्रियों की सहूलियत के लिए चार एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ियां) और चार लिफ्ट लगाई जानी हैं। इससे यात्रियों को एक से दूसरे प्लेटफार्म पर आना-जाना आसान होगा, वहीं बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं व बच्चों को भारी सामान के साथ सीढ़ियां चढ़ने की परेशानी से मुक्ति मिल सकेगी।
योजना के तहत प्लेटफार्म-2 पर एक महीने पहले एस्केलेटर लगाने का काम शुरू किया गया था, अब प्लेटफार्म नंबर एक पर भी एस्केलेटर लगाया जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि दोनों प्लेटफार्म पर एस्केलेटर लगाने का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
प्लेटफार्म नंबर एक पर पहले से लगा है एक एस्केलेटर
प्लेटफार्म नंबर एक पर पुराने एफओबी के साथ पहले से एक एस्केलेटर संचालित है, हालांकि अन्य प्लेटफार्म पर एस्केलेटर या लिफ्ट की कोई सुविधा नहीं है, जबकि नए एफओबी के साथ प्लेटफार्म एक और दो पर एस्केलेटर स्थापित करने का काम शुरू कर दिया गया है। एफओबी के दूसरी तरफ लिफ्ट के लिए पिलर खड़े कर इंटीरियर डिजाइनिंग और बिजली से जुड़े काम भी निपटाए जा रहे हैं।
रेलवे स्टेशन पर नए फुटओवरब्रिज के साथ प्लेटफार्म एक पर एस्केलेटर लगाया जाना है, मशीनें पहुंच चुकी हैं। एस्केलेटर स्थापित करने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। प्लेटफार्म-2 दो पर एस्केलेटर लगाने का काम पहले ही शुरू कर दिया गया था। एस्केलेटर लगने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
- हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, दिल्ली मंडल
