सोनीपत रेलवे स्टेशन पर एक और एस्केलेटर, 29 करोड़ की परियोजना से हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर जल्द ही एक और स्वचालित सीढ़ी (एस्केलेटर) लगाई ...और पढ़ें
-1787999480015_m.webp)
रेलवे स्टेशन पर लगेगा एक और एस्केलेटर। जागरण
HighLights
प्लेटफॉर्म-2 पर नया एस्केलेटर लगाने का काम शुरू।
43 हजार से अधिक यात्रियों को मिलेगी सुविधा।
स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में अहम कदम।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय और आधुनिक बनाने की दिशा में चल रहा विकास कार्य अब अंतिम चरणों की ओर बढ़ रहा है। रेलवे स्टेशन पर चल रहे कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा में एक और बड़ा इजाफा होने जा रहा है।
स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर जल्द ही एक और स्वचालित सीढ़ी (एस्केलेटर) स्थापित की जाएगी। स्वचालित सीढ़ियों के निर्माण से जुड़ी भारी मशीनें और आवश्यक उपकरण प्लेटफार्म नंबर-2 पर पहुंच चुके हैं।
विभागीय स्तर पर इसे लगाने का काम शुरू कर दिया गया है, ताकि यात्रियों को जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके।
29 करोड़ रुपये खर्च
सोनीपत रेलवे जंक्शन से रोजाना करीब 43 हजार से अधिक यात्री दिल्ली व पानीपत की तरफ आवागमन करते हैं। यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं देने के लिए स्टेशन पर 29 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्निर्माण का कार्य किया जा रहा है।
दैनिक रूप से आवाजाही करने वाले हजारों यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए सीढ़ियां चढ़ने में बेहद कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
वहीं, भारी भरकम सामान और ट्राली बैग के साथ सीढ़ियां चढ़ना यात्रियों के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर एस्केलेटर लगाया जा रहा है।
हर प्लेटफार्म पर मिलेगी लिफ्ट की सुविधा
प्लेटफार्म नंबर एक पर पहले से एस्केलेटर लगा है, अब दो पर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। नया एस्केलेटर चालू होने के बाद यात्री बिना किसी शारीरिक मशक्कत के सरलता से एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक आ-जा सकेंगे। यह एस्केलेटर हाल ही में निर्मित किए गए नए फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के साथ सीधा कनेक्ट किया जा रहा है।
इस कार्य के संपन्न होते ही अगला चरण स्टेशन के सभी प्रमुख प्लेटफार्मों पर आधुनिक लिफ्ट लगाने का होगा। इससे स्टेशन पर पैदल यात्रियों की आवाजाही भी काफी सुगम और व्यवस्थित हो जाएगी।
जल्द पूरा किया जाएगा काम
यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से रेलवे स्टेशन पर चल रहा पुनर्निर्माण का कार्य तेजी से करवाया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि करीब 95 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है, शेष कार्य को भी तय समय में पूरा करवाया जाएगा। हालांकि निर्धारित काम को पूरा करने की समय सीमा दो बार बढ़ाई जा चुकी है।
सोनीपत रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्लेटफार्म नंबर-दो पर एस्केलेटर लगाने का काम जल्द पूरा कर लिया जाएगा। आने वाले समय में यह स्टेशन यात्रियों को किसी अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेशन जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा। - हिमांशु शेखर उपाध्याय, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, रेल मंडल, दिल्ली
