विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में NH-44 का संयुक्त निरीक्षण करेगी NHAI और पुलिस; नियम तोड़े तो निलंबित होगा लाइसेंस

Published: Wed, 30 Sep 2026 09:39 PM (IST)

सोनीपत में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय है। उपायुक्त नेहा सिंह ने एनएच-44 पर अवैध ...और पढ़ें

एनएच-44 और अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने की कोशिश।

एनएच-44 और अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने की कोशिश।

HighLights

  1. एनएच-44 पर अवैध कटों, ब्लैक स्पॉट की संयुक्त जांच होगी।

  2. ड्रिंक एंड ड्राइव पर तीन माह के लिए लाइसेंस निलंबित होंगे।

  3. कुंडली, रसोई, बहालगढ़ में फुट ओवर ब्रिज निर्माण में तेजी।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। एनएच-44 और अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एनएच-44 व अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कटों और ब्लैक स्पाट की एनएचएआई व पुलिस विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रिपोर्ट सौंपें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

इसके अलावा, ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त न करते हुए ऐसे चालकों के लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित करने के आदेश जारी किए गए हैं। उपायुक्त बुधवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रही थी।

बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, ब्लैक स्पाट, अवैध कट, अतिक्रमण, जलभराव और जर्जर सड़कों की मरम्मत जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई, ताकि हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

उपायुक्त नेहा सिंह ने कुंडली, रसोई और बहालगढ़ क्षेत्रों में बन रहे फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। एनएचएआइ अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन एफओबी का निर्माण दिसंबर तक पूरा करने की समय सीमा तय की गई है। इसके साथ ही बीसवांमील चौक पर स्लिप रोड का कार्य लगभग पूरा होने की बात कही गई।

केएमपी टोल पर अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए एचएसआइआइडीसी को तुरंत प्रभाव से सभी टोल लेन शुरू करने और अतिक्रमण हटाने के कड़े निर्देश दिए गए। शहर के भीतर लिटिल एंजल स्कूल मार्ग, स्ट्रीट लाइट, कचरा डंपिंग प्वाइंट्स और ड्रेन से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए नगर निगम को पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया।

उपायुक्त ने बैठक से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी आदेश दिए। इस दौरान एसडीएम सुभाष चंद्र, ट्रैफिक एसीपी नरेश अहलावत, रोडवेज जीएम संजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर अगस्त में किए गए चालान

नियम उल्लंघन चालान संख्या
ओवरस्पीडिंग 889
रॉन्ग साइड ड्राइविंग 762
बिना हेलमेट 450
बिना सीट बेल्ट 369
ब्लैक फिल्म 279
ड्रंकन ड्राइव 13
ड्राइविंग करते समय मोबाइल प्रयोग 7
अंडरएज ड्राइविंग 2
आरटीए विभाग द्वारा 249
कुल चालान 3020

स्कूल बसों की जांच व अन्य सड़कों की मरम्मत पर दिया जोर

सुरक्षित स्कूल वाहन पालिसी की समीक्षा करते हुए उपायुक्त नेहा सिंह ने सभी संबंधित एसडीएम को निर्देश दिया कि वे स्कूल बसों की नियमित जांच करें। अगस्त में जिले में 40 स्कूल बसों की जांच की गई, जिनमें से कमियां मिलने पर 7 बसों के चालान काटे गए।

इसके अतिरिक्त ''म्हारी सड़क'' ऐप पर मिली शिकायतों का समयबद्ध निवारण करने, बहालगढ़-सोनीपत रोड और गेटवे-टू-ओमेक्स सिटी रोड की मरम्मत कराने के निर्देश पीडब्ल्यूडी और एसएमडीए को दिए गए। खरखौदा में अवैध विज्ञापन बोर्डों की जांच के लिए एमसी खरखौदा को निर्देश जारी किए गए।

यह भी पढ़ें- 'सरकारी पुस्तकालयों में अब विद्यासागर की किताबें रखें, ममता की नहीं', CM शुभेंदु ने दिए निर्देश