विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में लाल डोरा स्वामित्व प्रमाण पत्र वितरण फिर से शुरू, हजारों परिवारों को मिलेगा लाभ

Published: Thu, 10 Sep 2026 08:24 PM (IST)

सोनीपत में लंबे समय से रुकी लाल डोरा क्षेत्र की संपत्तियों के स्वामित्व प्रमाण पत्र बांटने की प्रक्रिया फिर से शुरू हो गई है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सोनीपत में लाल डोरा स्वामित्व प्रमाण पत्र वितरण प्रक्रिया फिर शुरू हुई।

  2. मेयर राजीव जैन ने 10 परिवारों को मालिकाना हक प्रमाण पत्र दिए।

  3. संपत्ति खरीद-बिक्री, ऋण लेने में अब नहीं होगी दिक्कत।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। लंबे समय से रुकी हुई लाल डोरा क्षेत्र की प्रापर्टी के स्वामित्व प्रमाण पत्र बांटने की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू हो गई है।

हरियाणा सरकार की स्वामित्व योजना के तहत वीरवार को नगर निगम मेयर राजीव जैन ने 10 परिवारों को प्लॉट के मालिकाना हक के प्रमाण पत्र वितरित किए।

मेयर राजीव जैन ने बताया कि योजना लागू होने के बाद पिछले वर्ष जुलाई और दिसंबर में करीब 650 परिवारों को स्वामित्व प्रमाण पत्र वितरित किए गए थे।

इसके बाद नगर निगम चुनाव और वोटर लिस्ट के संशोधन समेत अन्य कार्यों के चलते प्रमाण पत्र बनाने और बांटने का काम प्रभावित हुआ।

पिछले सप्ताह अधिकारियों को दिए गए थे निर्देश

पिछले सप्ताह अधिकारियों को बुलाकर लाल डोरा क्षेत्र के स्वामित्व प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे। निगम में कर्मचारियों की कमी के बावजूद अब सभी प्रापर्टी आइडी मेकर की ड्यूटी इस कार्य में लगाई गई है।

लाल डोरा क्षेत्र की प्रापर्टी की रजिस्ट्री नहीं होने के कारण लोगों को लंबे समय से कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

प्रापर्टी की खरीद-फरोख्त के अलावा बैंक से ऋण लेने और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता लेने में भी दिक्कत आती थी। स्वामित्व प्रमाण पत्र मिलने के बाद इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

14 हजार प्रापर्टी का होना है निपटारा

अतिरिक्त निगम आयुक्त विजय यादव ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में लाल डोरा की करीब 14 हजार प्रापर्टी हैं। आवेदन मिलने के बाद प्रापर्टी की पैमाइश और स्वयं प्रमाणित करने की प्रक्रिया पूरी की जाती है। इस पूरी प्रक्रिया में समय लगता है। इसलिए चरणबद्ध तरीके से सभी पात्र लोगों को स्वामित्व प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।