विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत में बिजली फॉल्ट ठीक करने चढ़ा था अप्रेंटिस, करंट लगा तो बचाने पहुंचे किसान की भी मौत; झुलस गए शरीर

Published: Fri, 28 Aug 2026 02:42 PM (IST)

सोनीपत के मुंडलाना गांव में बिजली लाइन पर काम करते समय करंट लगने से एक अप्रेंटिस और किसान की मौत ...और पढ़ें

मृतकों की पहचान गांव सिवानका निवासी सौरभ और गांव मुंडलाना निवासी जोगेंद्र के रूप में हुई है।

मृतकों की पहचान गांव सिवानका निवासी सौरभ और गांव मुंडलाना निवासी जोगेंद्र के रूप में हुई है। 

HighLights

  1. बिजली लाइन पर काम करते समय लगा करंट।

  2. अप्रेंटिस और किसान की मौके पर ही मौत।

  3. ग्रामीणों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, गोहाना (सोनीपत)। गांव मुंडलाना में बिजली लाइन पर काम करते समय करंट लगने से बिजली निगम के अप्रेंटिस और एक किसान की मौत हो गई। हादसा शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे हुआ। मृतकों की पहचान गांव सिवानका निवासी सौरभ और गांव मुंडलाना निवासी जोगेंद्र के रूप में हुई है। हादसे के बाद ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने बिजली निगम के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

अप्रेंटिस को अकेला काम पर भेजा

जानकारी के अनुसार सौरभ ने आईटीआई पूरी करने के बाद बिजली निगम में अप्रेंटिस के तौर पर काम शुरू किया था। शुक्रवार सुबह गांव मुंडलाना निवासी किसान जोगेंद्र के बिजली कनेक्शन पर फॉल्ट आया हुआ था। फॉल्ट ठीक करने के लिए बिजली निगम के लाइनमैन ने सौरभ को मौके पर भेजा। ग्रामीणों का आरोप है कि अप्रेंटिस को लाइन पर काम करने के लिए अकेला ही भेज दिया गया।

दोनों गंभीर रूप से झुलस गए

सौरभ फॉल्ट ठीक करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़कर लाइन पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट लग गया। सौरभ को करंट लगने पर मदद के लिए किसान जोगेंद्र भी मौके पर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि जोगेंद्र भी करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीण बोले- सुरक्षा के इंतजाम किए बिना भेजा

हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली निगम के लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि लाइन पर काम करने के लिए अप्रेंटिस को अकेले नहीं भेजा जाना चाहिए था। यदि मौके पर निगम का जिम्मेदार कर्मचारी मौजूद होता और सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाते तो हादसा टल सकता था। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सके

हादसे की सूचना मिलने पर ग्रामीण और बिजली निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।