विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनीपत नागरिक अस्पताल में शुरू होगा एमआरआई सेंटर, पीपीपी मॉडल पर मिलेगी सुविधा

Published: Sat, 26 Sep 2026 07:19 PM (IST)

सोनीपत नागरिक अस्पताल में मरीजों को जल्द ही एमआरआई जांच की सुविधा मिलेगी। पीपीपी मॉडल पर बनने वाले इस सेंटर ...और पढ़ें

-डॉ. अलंकृता गेरा, सिविल सर्जन, सोनीपत

-डॉ. अलंकृता गेरा, सिविल सर्जन, सोनीपत

HighLights

  1. सोनीपत नागरिक अस्पताल में एमआरआई सेंटर स्थापित हो रहा है।

  2. पीपीपी मॉडल पर आरक्षित वर्ग को मुफ्त जांच मिलेगी।

  3. कमरों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है।

जागरण संवाददाता, सोनीपत। जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों को अब निजी सेंटरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अस्पताल परिसर में एमआरआई (मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग) सेंटर स्थापित किया जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर काम तेज हो गया है। इसके लिए सीटी स्कैन सेंटर के सामने स्थित कमरों को चिह्नित कर उनकी मरम्मत व सुदृढ़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया गया है।

पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत तैयार होने वाले इस सेंटर के शुरू होने से न केवल शहरवासियों को अस्पताल में ही अत्याधुनिक जांच की सुविधा मिलेगी, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को निजी लैबों की कम रेट पर एमआरआई की सुविधा मिलेगी।

रोजाना 2000 से अधिक मरीज आते हैं नागरिक अस्पताल

वर्तमान में जिले के केवल राजकीय मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां में ही पीपीपी मॉडल पर एमआरआई की सुविधा उपलब्ध है। नागरिक अस्पताल में हर दिन 2000 से अधिक की ओपीडी रहती है, जहां सिर, रीढ़ की हड्डी, जोड़ों और गंभीर चोटों से पीड़ित मरीज पहुंचते हैं।

एमआरआई की सुविधा अस्पताल में न होने के कारण चिकित्सकों को मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ता है या फिर मरीज निजी रेडियोलाजी सेंटरों का रुख करते हैं। मेडिकल कॉलेज 40 किलोमीटर दूर होने के चलते लोग निजी सेंटरों पर 3500 से 7000 रुपये तक खर्च करते हैं। ऐसे में गरीब मरीज समय पर जांच नहीं करा पाते थे। अस्पताल परिसर में नया सेंटर शुरू होने से जांच रिपोर्ट भी जल्द उपलब्ध होगी और इलाज में देरी नहीं होगी।

पीपीपी मॉडल पर कम दरों में जांच

नया सेंटर स्वास्थ्य विभाग की तय गाइडलाइन के अनुसार पीपीपी मॉडल पर संचालित होगा। सामान्य वर्ग के मरीजों के लिए जांच दरें बाजार भाव से करीब आधी रखी जाएंगी। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों, बीपीएल परिवारों, एससी वर्ग और अन्य पात्र आरक्षित श्रेणियों के मरीजों को सरकारी नियमों के तहत पूरी तरह मुफ्त एमआरआई जांच का लाभ मिलेगा।

सेंटर में हाई-टेस्ला एमआरआई मशीन स्थापित की जाएगी, जिससे न्यूरो, आर्थो और पेट से जुड़ी बारीक बीमारियों की सटीक इमेजिंग संभव होगी।

सीटी स्कैन सेंटर के सामने तेजी से चल रहा निर्माण कार्य

अस्पताल प्रशासन ने परिसर में सीटी स्कैन सेंटर के ठीक सामने वाले विंग को एमआरआई यूनिट के लिए उपयुक्त पाया है। एमआरआई मशीन के भारी वजन और मैग्नेटिक शील्डिंग (आरएफ केबिन) की तकनीकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कमरों का सिविल वर्क शुरू कराया गया है।

विद्युत आपूर्ति के लिए अलग से डेडिकेटेड ट्रांसफार्मर और अर्थिंग की व्यवस्था भी की जा रही है। मरम्मत कार्य पूरा होते ही चयनित निजी एजेंसी द्वारा मशीनरी स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

एमआरआई सेंटर के लिए जगह चिन्हित कर कमरों की मरम्मत का काम शुरू करवा दिया गया है। पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक मशीन स्थापित की जाएगी। एजेंसी को तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. अलंकृता गेरा, सिविल सर्जन, सोनीपत