बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबी दो साल की बच्ची, सोनीपत के बहालगढ़ में मासूम की मौत से मचा कोहराम
सोनीपत के बहालगढ़ गांव में गुरुवार रात दो साल की मासूम आरुषि की बारिश के पानी से भरे गड्ढे में ...और पढ़ें

घंटों की तलाश के बाद देर रात बच्ची का शव नजदीक ही खाली पड़े एक प्लाॅट के पानी भरे गड्ढे में मिला।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, राई (सोनीपत)। बहालगढ़ गांव में गुरुवार रात दो साल की मासूम बच्ची की बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मासूम शाम करीब सात बजे घर के सामने से खेलते वक्त गायब हो गई थी। घंटों की तलाश के बाद देर रात उसका शव नजदीक ही खाली पड़े एक प्लाॅट के पानी भरे गड्ढे में मिला।
गुरुवार देर शाम पुलिस को यूपी के मूल निवासी और बहालगढ़ में किराये के मकान में रहने वाले सर्वेंद्र तोमर से सूचना मिली कि उसकी दो साल की बेटी आरूषि घर के बाहर खेलते-खेलते गायब हो गई जो मिल नहीं रही।
सूचना मिलने पर शिकायत के आधार पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। साथ ही, बहालगढ़ तथा राई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच तफ्तीश करने लगी। आस-पास पूछताछ के बाद भी जब आरूषि नहीं मिली तो सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया।
बच्ची के अचानक गायब हो जाने की सूचना मिलने के बाद किसी अनहोनी की आशंका के बीच गांव के सरपंच और अन्य लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए और उसकी तलाश में लग गए। रात बारह बजे के बाद घर के पास ही एक खाली पड़े प्लाॅट में भरे पानी में कपड़े का एक छोटा-सा हिस्सा दिखाई दिया। वहां पर जांच की गई तो आरूषि पानी में डूबी मिली। उसकी मौत हो चुकी थी।
गड्ढे में एक से डेढ़ फीट पानी भरा पाया गया। शव मिलने के बाद उसकी तलाश में जुटे सभी लोग मायूस हो गए ओर उसके माता-पिता फूट-फूटकर रोने लगे। शुक्रवार को आरुषि के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने इसे स्वजनों के सुपुर्द कर दिया। मामले में पुलिस इत्तफाकिया हादसे के तहत जांच कर रही है।
