सिल्वर मेडलिस्ट पहलवान नितेश को तोहफा देने के लिए जोड़ा था 96300 रुपये का चंदा, जेबकतरा उड़ा ले गया पूरे पैसे
सोनीपत के गोहाना के गांव जागसी में पहलवान नितेश सिवाच के सम्मान समारोह के दौरान एक व्यक्ति की जेब से 96,300 रुपये चोरी हो गए।

नितेश के गांव में हुआ सम्मान।
HighLights
पहलवान नितेश सिवाच के सम्मान समारोह में हुई चोरी।
गांव वालों द्वारा एकत्र 96,300 रुपये जेब से गायब।
पीड़ित जयभगवान ने बुटाना चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
जागरण संवाददाता, गोहाना। सोनीपत के गोहाना के गांव जागसी में जापान में आयोजित एशियाई खेलों में पदक जीतकर लौटे पहलवान नितेश सिवाच के सम्मान समारोह में एक व्यक्ति की जेब से 96,300 रुपये चोरी हो गए।
पीड़ित जयभगवान ने बुटाना चौकी में शिकायत देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जयभगवान ने बताया कि 6 अक्टूबर को गांव के शहीद स्मारक के पास पहलवान नितेश सिवाच के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया था।
गांव ने इकट्ठा किया था चंदा
नितेश को उपहार देने के लिए गांव में चंदा एकत्र किया गया था। चंदे की 96,300 रुपये की राशि उसके पास थी। समारोह में काफी भीड़ थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने भीड़ का फायदा उठाकर उसकी जेब से रुपये निकाल लिए।
जयभगवान के अनुसार, उसे समारोह के दौरान रुपये चोरी होने का पता चला। उसने पुलिस से अज्ञात व्यक्ति की तलाश कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
