विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेडिकल कॉलेज से एक्स-रे फिल्म चोरी का मामला, रेडियोग्राफर निलंबित; जांच जारी

Published: Sat, 12 Sep 2026 07:42 PM (IST)

गोहाना के भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक्स-रे फिल्मों के बंडल कार में ले जाते तीन ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. अस्पताल से एक्स-रे फिल्मों के बंडल ले जाते पकड़े गए तीन लोग।

  2. रेडियोग्राफर रणबीर दलाल को संदिग्ध भूमिका के चलते निलंबित किया गया।

  3. मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कॉलेज प्रशासन ने कमेटी बनाई।

जागरण संवाददाता, गोहाना। भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल से एक्स-रे फिल्मों के बंडल कार में रखकर ले जाने का मामला सामने आया है।

अस्पताल के भवन के पीछे की तरफ तीन बाहरी व्यक्तियों को सुरक्षा कर्मियों ने एक्स-रे फिल्म कार में रखते हुए पकड़ लिया। सुरक्षा कर्मियों ने कार में रखा फिल्म का बंडल उतरवाकर अपने कब्जे में लिया और मामले की शिकायत मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) को दी।

इस मामले में कॉलेज प्रशासन ने अतिरिक्त निदेशक से जांच कराई। प्राथमिक जांच में रेडियोग्राफर रणबीर दलाल की भूमिका संदिग्ध मिली जिसे शनिवार को निलंबित कर दिया गया।

सीसीटीवी फुटेज सामने आई है

दो सितंबर की सीसीटीवी फुटेज सामने आई, जिसमें नजर आ रहा है कि एक्स-रे फिल्मों के तीन बंडल तैयार किए गए थे। इनमें से एक बंडल कार में रखा जा चुका था और पहले से निगरानी रख रहे सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए।

उन्होंने तीनों व्यक्तियों को पकड़ लिया। सुरक्षा अधिकारियों ने मामले को कॉलेज प्रशासन के संज्ञान में लाया गया, जिसके बाद निदेशक ने अतिरिक्त निदेशक से जांच कराई।

जांच में अस्पताल के रेडियोग्राफर की भूमिका संदिग्ध मिली। नियमानुसार एक्स-रे फिल्म कोई बाहर नहीं ले जा सकता है। बची फिल्मों के निस्तारण के लिए कमेटी बनाई जाती है, जिसकी देखरेख में काम होता है।

भाजपा नेता ने लगाया मिलीभगत का आरोप

भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष एवं नगर परिषद के मनोनीत पार्षद बलराम कौशिक ने मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों के अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि अस्पताल में एक्स-रे कराने वाले अधिकतर मरीजों को एक्स-रे फिल्म उपलब्ध नहीं कराई जाती है।

उन्हें मोबाइल फोन पर एक्स-रे की तस्वीर दे दी जाती थी। ऐसे में बड़ी संख्या में एक्स-रे फिल्में कहां जाती हैं, इसकी जांच होनी चाहिए।

कौशिक ने कहा कि अस्पताल में खेला हो रहा है। उन्होंने एक्स-रे फिल्में बाहर भेजे जाने के मामले में रेडियोग्राफर रणबीर दलाल के साथ अन्य की संभावित संलिप्तता की भी जांच की मांग की।

उनका आरोप है कि नई एक्स-रे फिल्में भी मेडिकल कॉलेज से बाहर ले जाकर बेची जा रही हैं। वहीं इस्तेमाल की हुई एक्स-रे फिल्मों को रीसाइकिल करने से भी अच्छा मुनाफा होने की चर्चा है।

पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इसके पीछे कौन लोग हैं और कितने समय से यह गतिविधि चल रही है, इसका पता लगाया जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से सरकार और मेडिकल कॉलेज की छवि को बदनाम किया जा रहा है।

एक्स-रे फिल्में ले जाने के मामले में रेडियोग्राफर की भूमिका संदिग्ध मिली है। इसके बाद उनको निलंबित कर दिया गया। जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। अगर किसी और की संलिप्तता मिली तो उस पर भी कार्रवाई होगी। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
-डा. जगदीश दुरेजा, निदेशक, भगत फूल सिंह राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज