शनि मंदिर रेलवे अंडरब्रिज से पानी निकालने को लगेगा पंप सेट
बारिश के मौसम में आफत बनने वाले शनि मंदिर अंडरब्रिज के हालत सुधारने के लिए नगर निगम ने पहल की है।
जागरण संवाददाता, सोनीपत: बारिश के मौसम में आफत बनने वाले शनि मंदिर अंडरब्रिज के हालत सुधारने के लिए नगर निगम ने पहल की है। नगर निगम की ओर से जल्द ही वहां पर पंप सेट लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने टेंडर मांगे हैं। अंडरब्रिज के नीचे से पानी की निकासी को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने 15 लाख 88 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। 22 जुलाई को टेंडर खोला जाएगा। किफायती लागत पर काम करने वाली एजेंसी को टेंडर दिया जाएगा।
शनिवार मंदिर के पास लघुसचिवालय व सुभाष स्टेडियम की ओर जाने के लिए दो अंडरब्रिज है। बारिश होते ही लघुसचिवालय की ओर जाने वाला अंडरब्रिज पानी से लबालब भर जाता है। इसमें से पानी निकलने में घंटों लगते है। ऐसे में कई घंटे के लिए लघुसचिवालय की ओर जाने वालों की कतार लग जाती है घंटों तक शहर का संपर्क उस ओर जाने वाले मार्ग से कटा रहता है जबकि सुभाष स्टेडियम की ओर जाने वाले मार्ग पर आम दिनों में भी पानी भर जाता है। निगम की ओर से तैयार की गई योजना से जलभराव से छुटकारा मिल सकेगा। नगर निगम के कार्यकारी अभियंता सौरभ नैन का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एस्टीमेंट कॉस्ट 15 लाख 88 हजार रुपये रखी गई है। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।