विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एनएच-44 पर जिंदगी से खिलवाड़: शराब ठेकों के सामने ग्रिल काटकर बनाए 20 अवैध कट, हादसों को न्योता

Published: Thu, 10 Sep 2026 08:33 PM (IST)

एनएच-44 पर कुंडली बॉर्डर से प्याऊ मनियारी तक अवैध कट बनाकर शराब बेची जा रही है, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित होती है।

ग्रिल काटकर बनाए अवैध कट।

ग्रिल काटकर बनाए अवैध कट।

HighLights

  1. एनएच-44 पर 20 से अधिक अवैध कट बनाए गए हैं।

  2. शराब ठेकों के सामने ग्रिल काटकर अवैध बिक्री हो रही है।

  3. हाईवे पर जाम और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

सतीश शर्मा, राई। एनएच-44 पर जगह-जगह ग्रिल काटकर अवैध कट बना दिए गए हैं। कुंडली बॉर्डर से लेकर प्याऊ मनियारी तक तीन किलोमीटर की दूरी में 20 के करीब स्थानों पर शराब ठेकों के सामने हाईवे की ग्रिल काटकर शराब बेची जा रही है।

वाहन चालक गाड़ियों को हाईवे के मेन कैरिजवे पर खड़ी कर इन कटों से शराब व अन्य खाने-पीने की चीजें खरीदते हैं। शाम होते ही हाईवे पर गाड़ियां खड़ी होने से जाम जैसी स्थिति बनी रहती है और हादसों का खतरा रहता है।

हर महीने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अवैध कट बंद करने के निर्देश दिए जाते हैं लेकिन ये कट ज्यों के त्यों खुले रहते हैं।

एनएच-44 पर आने-जाने के लिए लोगों ने जहां कई स्थानों पर अवैध कट बना लिए हैं तथा लोहे की रेलिंग को भी 20 जगहों से हटा दिया गया है।

रेलिंग को हटाए जाने के अधिकांश स्थान रोड के दोनों तरफ स्थित शराब के चार ठेकों के सामने हैं, जहां पर चखने की दुकानें भी खुली हुई हैं।

कुंडली बॉर्डर से प्याऊ मनियारी तक कई जगहों पर नियमों का उल्लंघन

कुंडली बॉर्डर से प्याऊ मनियारी तक कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन किया गया है। इन दोनों स्थानों की तीन किलोमीटर की दूरी में लगभग सवा दो किलोमीटर एलिवेटिड रोड है।

दिल्ली के सिंघू बॉर्डर से कुंडली में प्रवेश करते ही हाईवे पर जाने के लिए बने एंट्री प्वाइंट से थोड़ा ही आगे एक शराब का ठेका है।

यहां से लेकर एलिवेटिड रोड शुरू होने तक 15-16 स्थानों से सर्विस रोड और मेन कैरिजवे के बीच लगी लोहे की रेलिंग को हटा दिया गया है। इसके अलावा दो स्थानों पर अवैध कट भी बना दिए गए हैं।

प्याऊ मनियारी में जहां पर एलिवेटिड रोड समाप्त होता है वहां पर भी सर्विस रोड के साथ आमने-सामने शराब के ठेके खुले हुए हैं। रेलिंग को यहां भी ठेकों के सामने से हटाया जा चुका है।

चारों ही ठेके एक-दूसरे के आमने-सामने हैं। हरेक ठेके के सामने से रेलिंग को काफी पहले से हटाया जा चुका है। कई जगह ताे शराब ठेकों के सामने रेलिंग काटकर दरवाजे बना लिए गए हैं, यहां पर कुंडली लगाकर इन्हें जरूरत के अनुसार खोला व बंद किया जाता है।

एंट्री-एग्जिट पर हादसों का खतरा

निफ्टेम चौके से आगे एंट्री प्वाइंट पर सीमेंटेड बैरिकेड्स की जगह प्लास्टिक राड्स का इस्तेमाल किया गया है इसके चलते वाहनों के चालक एंट्री और एग्जिट दोनों ही तरीकों से इस प्वाइंट का इस्तेमाल करते हैं। ऐसा करने और अवैध कटों की वजह से सभी स्थानों पर दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है।

हाईवे पर वाहन खड़ा करने की किसी को भी इजाजत नहीं है। गश्त कर हाईवे पर खड़े वाहनों के चालान काटे जाते हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद शराब ठेकों के सामने विशेष ध्यान रखा जाएगा।
- बलवान सिंह, यातायात, थाना प्रभारी, एनएच-44