बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को जन-जन तक पहुंचाएंगे : सलोनी शर्मा
अंडरट्रेनी आइएएस अधिकारी सलोनी शर्मा ने कहा कि हरियाणवियों को हरियाणवी लहजे में कन्या भ्रूण हत्या पर लगाम लगाने व बेटियों को शिक्षित करवाने के लिए प्रेरित एवं जागरूक किया जा सकता है।
जासं, सोनीपत : अंडरट्रेनी आइएएस अधिकारी सलोनी शर्मा ने कहा कि हरियाणवियों को हरियाणवी लहजे में कन्या भ्रूण हत्या पर लगाम लगाने व बेटियों को शिक्षित करवाने के लिए प्रेरित एवं जागरूक किया जा सकता है। इसके लिए जिला सूचना एवं जन संपर्क विभाग (डीआइपीआरओ) की भजन मंडलियों की मदद ली जाएगी। कोरोना काल में इनके लोकगीतों, भजनों व रागनियों की रिकॉर्डिंग करवाकर जन-जन तक बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को पहुंचाया जाएगा। वह शुक्रवार को डीआइपीआरओ की भजन मंडलियों के कार्यक्रम का अवलोकन करने उपरांत कर्मचारियों को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिला में जल्द ही एक मोबाइल वैन चलाई जाएगी। इस मोबाइल वैन में विभागीय भजन मंडलियों द्वारा स्व-रचित रचनाओं की रिकॉर्डिंग कराकर प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण अंचल में लोगों को उन्हीं की भाषा में अभियान की जानकारी दी जा सके व जागरूक किया जा सके। इस मौके पर डीआइपीआरओ सुरेश सरोहा, एआइपीआरओ बिजेंद्र कुमार, ड्रामा इंसपेक्टर सुलेख कुमार, भजन लीडर कृष्ण जुआं, लिपिक सोनू, रविद्र, पवन कुमार, ब्रह्मनंद, सुनील, कृष्ण भावड़ व मनोज कुमार मौजूद रहे।