नकली विजिलेंस इंस्पेक्टर गिरफ्तार, दो दिन किया नागरिक अस्पताल का दौरा
शहर में ओल्ड डीसी निवासी मनीष नामक युवक पिछले दो दिन से सूट-बूट में विजिलेंस इंस्पेक्टर बनकर नागरिक अस्पताल में दौरा करने के लिए निकला। डॉक्टरों को लेबर रूम व अल्ट्रासाउंड केंद्र की शिकायतों की जांच चंडीगढ़ से आकर करने की बताकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जब डॉक्टरों को शक हुआ तो उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सब कुछ फर्जी पाया गया। फिलहाल पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जागरण संवाददाता, सोनीपत : शहर में ओल्ड डीसी रोड निवासी मनीष नामक युवक पिछले दो दिन से सूट-बूट में विजिलेंस इंस्पेक्टर बनकर नागरिक अस्पताल में दौरा करने के लिए निकला। डॉक्टरों को लेबर रूम व अल्ट्रासाउंड केंद्र की शिकायतों की जांच चंडीगढ़ से आकर करने की बताकर व्यवस्थाओं का जायजा लेता रहा। जब डॉक्टरों को शक हुआ तो उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सब कुछ फर्जी पाया गया। फिलहाल पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
नागरिक अस्पताल में बतौर डिप्टी मेडिकल सर्जन डॉ. संदीप लठवाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह उनके पास एक युवक आया, जिसने अपनी पहचान विजिलेंस इंस्पेक्टर मनीष के रूप में दी। उसने कहा कि उनके पास नागरिक अस्पताल के लेबर रूम व अल्ट्रासाउंड केंद्र की काफी शिकायतें है, जिनकी जांच करने के लिए विभाग ने उसे चंडीगढ़ से भेजा है। इस पर उन्होंने उसे अस्पताल के लेबर रूम व अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण कराया। उसने रात के समय यहीं रूकने की बात कही तो उन्होंने उसके रूकने का इंतजाम भी कराया, लेकिन वह नहीं रूका। शनिवार सुबह फिर वह अस्पताल में पहुंचा और रात के समय चंडीगढ़ चले जाने की बात कही। इसके बाद उसने फिर लेबर रूम व अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण किया। डॉ. संदीप ने बताया कि निरीक्षण के बाद मनीष कुछ देर उनके पास बैठ गया। उसने बताया कि उसके पिता की शहर में ओल्ड डीसी रोड पर नाई की दुकान है, बाकी अन्य सदस्य विभिन्न विभागों में अलग-अलग पदों पर नियुक्त है। इस पर उसे युवक पर शक हुआ। उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जब पुलिस पहुंची तो युवक व मामला फर्जी मिला। आरोपित युवक ने पूछताछ में बताया कि वह अस्पताल में अल्ट्रासाउंड व अन्य कार्य करवाने के लिए ऐसा कर रहा था।
---------
नागरिक अस्पताल में नकली विजिलेंस इंस्पेक्टर पकड़ने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को काबू किया। आरोपित की पहचान ओल्ड डीसी रोड निवासी मनीष के रूप में हुई। डॉक्टर की शिकायत पर आरोपित पर मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कृष्ण कुमार, जांच अधिकारी, सिक्का कॉलोनी पुलिस चौकी